रुद्रप्रयाग। दशज्यूला महोत्सव के दूसरे दिन लोक संस्कृति, संगीत और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम रही। लोक गायक मुकेश हटवाल की प्रस्तुतियां दिनभर के कार्यक्रमों का मुख्य आकर्षण रहीं। उनके लोकगीतों पर दर्शक देर शाम तक झूमते और तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करते नजर आए।
महोत्सव में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत की झलक प्रस्तुत की। बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया और उन्हें जमकर सराहना मिली।
इस अवसर पर मेला समिति के अध्यक्ष जयवर्धन काण्डपाल ने लोक गायक मुकेश हटवाल के नए गीत ‘मेरी धियान नंदा’ का विमोचन किया। गीत के विमोचन के दौरान कलाकार और आयोजकों ने उत्तराखंड की लोक परंपराओं तथा संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयासों पर जोर दिया।
लोक गायक मुकेश हटवाल ने सैनिकों को समर्पित अपने गीतों की प्रस्तुति भी दी। देश के वीर जवानों की शौर्यगाथा और समर्पण को समर्पित गीतों ने महोत्सव के माहौल को भावुक कर दिया। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकार का उत्साह बढ़ाया।
महोत्सव में केदारनाथ के पूर्व विधायक मनोज रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि लोक सांस्कृतिक महोत्सव स्थानीय परंपराओं, कला और प्रतिभाओं को मंच देने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
इस दौरान मेला समिति अध्यक्ष जयवर्धन काण्डपाल, नगर पालिका रुद्रप्रयाग के अध्यक्ष संतोष रावत, अगस्त्यमुनि के राजेंद्र रावत, राकेश सिंह नेगी, नवीन नेगी, अंकित नेगी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और दर्शक मौजूद रहे।

