सीतापुर में जाम से श्रद्धालु और स्थानीय लोग बेहाल, पार्किंग-बाईपास मार्ग पर बेतरतीब खड़े वाहनों से बिगड़ी यातायात व्यवस्था, जटा शंकर चौक पर पुलिस तैनाती की उठी मांग,

Blog
 Image

फाटा/रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव सीतापुर में यातायात व्यवस्था इन दिनों बदहाल नजर आ रही है। सीतापुर पार्किंग और बाईपास मार्ग पर सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े वाहनों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। इससे केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही स्थानीय लोगों, व्यापारियों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि सीतापुर के जटा शंकर चौक पर वाहनों का दबाव लगातार बना रहता है, लेकिन यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की नियमित तैनाती नहीं होने से स्थिति बिगड़ रही है। वाहन चालक सड़क किनारे ही वाहन खड़े कर देते हैं। इससे सड़क का अधिकांश हिस्सा घिर जाता है और दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने लगती है। देखते ही देखते जाम लग जाता है और यात्रियों को पार्किंग तथा बाईपास मार्ग तक पहुंचने में दिक्कत होती है।

 

विशेषकर यात्रा सीजन में सीतापुर में वाहनों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के कारण समस्या और गंभीर हो जाती है। जाम के चलते कई बार यात्रियों को कुछ दूरी तय करने में भी काफी समय लग रहा है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यातायात व्यवस्था प्रभावित होने का असर बाजार की गतिविधियों पर भी पड़ रहा है।

 

पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष सीतापुर अशोक कुनियाल ने कहा कि सीतापुर के मुख्य चौक सहित पार्किंग और बाईपास मार्ग पर यातायात व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की जरूरत है। उन्होंने सड़क पर बेतरतीब ढंग से वाहनों की पार्किंग रोकने, जटा शंकर चौक पर पुलिस की नियमित तैनाती करने तथा यातायात का प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने की मांग की।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से सीतापुर में यातायात व्यवस्था की नियमित निगरानी करने, सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाने और जाम की समस्या से स्थायी राहत के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।