जन संवाद में 25 शिकायतें दर्ज, 11 का मौके पर निस्तारण, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर एल-1 की 99 और एल-2 की 16 शिकायतें लंबित,

Blog
 Image

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर एल-1 की 99 और एल-2 की 16 शिकायतें लंबित, 

डीएम ने अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश,

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क, शिक्षा, आवास, विद्युत, प्रमाण पत्र और आर्थिक सहायता से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जन संवाद में कुल 25 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 11 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए जिलाधिकारी ने प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। समीक्षा में एल-1 स्तर की 99 तथा एल-2 स्तर की 16 शिकायतें लंबित पाई गईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के साथ ही पोर्टल पर कार्रवाई की अद्यतन स्थिति भी दर्ज की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जन संवाद में रायड़ी की ग्राम प्रधान सुधाता देवी ने प्राथमिक विद्यालय में रिक्त शिक्षक पद पर नियुक्ति की मांग रखी। चौंडा-सिरांई निवासी जसोधर प्रसाद सेमवाल ने चौंडा-मुरचौंडा मोटर मार्ग निर्माण की मांग उठाई। कौंथा निवासी दिनेश लाल ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

कंडारा-चंद्रापुरी निवासी धन सिंह गुसाईं ने चंद्रापुरी-भटवाड़ी-सुनार-मठखाणी-दूबाडखू-ढूंगधार-ब्रह्म स्टेडियम कंडारा मोटर मार्ग पर धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्य का मामला उठाया। जवाड़ी निवासी राजेंद्र सिंह ने आवासीय भवन के समीप स्थित विशाल आम के पेड़ से खतरे की आशंका जताते हुए उसे हटाने की मांग की। मालखी निवासी जगमोहन सिंह ने जन्म प्रमाण पत्र जारी न होने तथा फलई निवासी राजेंद्र गिरी ने चंद्रेश्वर आश्रम में विद्युत व्यवस्था न होने की समस्या रखी।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन संवाद में प्राप्त शिकायतों के साथ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का भी गंभीरता से संज्ञान लिया जाए। साथ ही शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी पारुल गोयल, अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी संदीप भट्ट, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता पवन कुमार, ग्रामीण निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता मीनल गुलाटी, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, सहायक अभियंता एनएच प्रेरणा जगूड़ी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।