अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई तेज,

Blog
 Image

15 अगस्त से अब तक 60 लीटर अवैध शराब बरामद, चार लोगों पर आबकारी एक्ट में कार्रवाई,

रुद्रप्रयाग। जिले में अवैध शराब के कारोबार और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर विभाग की टीम विभिन्न क्षेत्रों में लगातार छापेमारी और चेकिंग अभियान चला रही है। 15 अगस्त से अब तक की गई कार्रवाई में विभाग ने 60 लीटर अवैध शराब बरामद की है, जबकि चार व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल ने बताया कि जनपद में अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विभाग की ओर से नियमित रूप से अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत संदिग्ध स्थानों के साथ ही वाहनों, होटल और ढाबों की भी समय-समय पर जांच की जा रही है।

 

उन्होंने बताया कि 15 अगस्त से अब तक विभिन्न स्थानों पर की गई कार्रवाई के दौरान कुल 60 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। इसके साथ ही आबकारी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चार व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई है।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा। अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी की शिकायत मिलने पर संबंधित क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने अभियान को आगे भी लगातार जारी रखने की बात कही है।