नैणी पौंडार में आयोजित महिलाओं की रामायण का समापन
समापन अवसर पर दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे लोग
रुद्रप्रयाग। बसुकेदार तहसील के अन्तर्गत ग्राम पंचायत नैणी-पौंडार में आयोजित तीन दिवसीय रामायण एवं महाभारत की लीलाओं का समापन हो गया है। इसकी खास बात यह रही कि इसमें सभी पात्र महिलाओं ने निभाए। महिला मंगल दल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में दूर-दराज से लोगों ने पहुंचकर आशीर्वाद अर्जित किया।
बता दें कि विकासखण्ड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत नैणी-पौंडार में पहली बार महिलाओं द्वारा रामायण व महाभारत से संबंधित तीन दिवसीय लीलाओं का मंचन किया गया। मंचन के पहले दिन भक्त प्रह्लाद, द्वितीय दिवस सीता स्वयंवर के साथ तीसरे दिन घटोत्कच-भीम मिलन का गढ़वाली में मंचन किया गया। लीलाओं में सभी पात्रों की भूमिका केवल महिंलाओं ने निभाई। महिलाओं के अच्छे अभिनय को देखकर लोगों ने खूब तालियां बजाई और पात्रों की वाह-वाही की। कार्यक्रम के समापन पर पूरे क्षेत्र में महिला मंगल दल की सराहना की गई। महिला मंगल दल अध्यक्ष नीतू देवी व महिला नाटक मंडली अध्यक्ष रश्मि देवी ने बताया कि रामायण व महाभारत की लीलाओं में भाग लेकर महिलाओं ने खासा मनोरंजन किया। दूर-दराज क्षेत्र से लीलाओं को देखने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे। ग्राम प्रधान राजेश बिष्ट ने कहा कि मातृशक्ति की ओर से लीलाओं के आयोजन से अन्य लोगों को भी सीख मिलेगी, जिससे क्षेत्र में समय-सयम पर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन होता रहेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की ओर से जिस तरह से अपनी संस्कृति और परम्परा को आगे बढ़ाया जा रहा है, यह किसी सराहनीय पहल से कम नहीं है। भविष्य में इस प्रकार के आयोजन को लेकर लोगों को प्रेरित करने का कार्य किया जायेगा।
फोटो: नैणी-पौंडार में आयोजित लीलाओं में पात्र निभाती महिलाएं
