सड़क चौड़ीकरण के दौरान डंपर अनियंत्रित होकर खाई में गिरा, चालक घायल, स्कूल के शौचालय क्षतिग्रस्त, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

Blog
 Image

गुप्तकाशी।गुप्तकाशी-लमगौंडी मोटरमार्ग पर शनिवार अपराह्न सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान मलबा लेकर जा रहा डंपर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे में डंपर चालक घायल हो गया, जबकि कुछ मीटर नीचे स्थित स्कूल के शौचालय क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि हादसे के समय विद्यालय में छात्र-छात्राओं की मौजूदगी नहीं थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

 

जानकारी के अनुसार काकड़ा-गुप्तकाशी बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था की ओर से इन दिनों सड़क कटिंग का कार्य किया जा रहा है। कटिंग से निकलने वाले मलबे को डंपरों के माध्यम से डंपिंग क्षेत्र तक पहुंचाया जा रहा है। शनिवार को मलबा लोड करने के दौरान एक डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। वाहन से निकलकर चालक झाड़ियों में जा गिरा, जिससे वह घायल हो गया। वहीं डंपर कुछ दूरी नीचे स्थित स्कूल के पास जा पहुंचा और वहां बने शौचालयों को क्षति पहुंची।

 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को उपचार के लिए गुप्तकाशी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया।

 

स्थानीय निवासी मदन सिंह रावत ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कार्यदायी संस्था को पहले भी अवगत कराया गया था। उन्होंने कहा कि यदि हादसा विद्यालय संचालन के समय होता तो इसकी गंभीरता कहीं अधिक हो सकती थी। उन्होंने कार्यदायी संस्था से सड़क चौड़ीकरण के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की।

 

चौकी प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि डंपर दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।