गौरीकुंड में नदी के तेज बहाव में बहा 25 वर्षीय यात्री, मुनकटिया में मिला शव

Blog
 Image

नहाने के दौरान हुआ हादसा, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और पुलिस की टीम ने चलाया सघन खोज अभियान,

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के प्रमुख पड़ाव गौरीकुंड में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में नहाने के दौरान एक 25 वर्षीय यात्री अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, पुलिस तथा अन्य बचाव दलों को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। बचाव दल ने सघन खोज अभियान चलाकर यात्री का शव गौरीकुंड से नीचे मुनकटिया क्षेत्र में नदी से बरामद कर लिया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि घटना शनिवार को लगभग 11:30 बजे की है। यात्री गौरीकुंड क्षेत्र में नदी में नहाने के लिए गया था। इसी दौरान अचानक नदी के तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष को मिली। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, पुलिस और वाईएमएफ के बचाव दलों ने तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। नदी के तेज बहाव और कठिन परिस्थितियों के बीच बचाव दलों ने लगातार तलाश की। करीब 12:24 बजे एसडीआरएफ दल के आशीष डिमरी ने सूचना दी कि यात्री का शव मुनकटिया के नीचे नदी में बरामद कर लिया गया है। इसके बाद बचाव दल ने शव को नदी से बाहर निकाला। बरामद शव की पहचान दिनेश अग्रवाल (25 वर्ष), निवासी मथुरा गांव, नाउजीर के रूप में हुई है। आवश्यक कार्रवाई के लिए शव को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोनप्रयाग भेजा जा रहा है।

हादसे के बाद गौरीकुंड क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन और बचाव दलों ने यात्रियों से नदी के तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने तथा नदी में नहाने के लिए न जाने की अपील की है। यात्रा मार्ग पर लगातार बढ़ते नदी के जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए यात्रियों से विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।