टाईब्रेकर में श्रीनगर को 5-4 से हराकर तिलवाड़ा बना कबड्डी चैंपियन,

Blog
 Image

राष्ट्रीय खेल दिवस पर अगस्त्यमुनि स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनपद स्तरीय ओपन कबड्डी प्रतियोगिता, छह टीमों ने किया प्रतिभाग,

रुद्रप्रयाग। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर अगस्त्यमुनि स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनपद स्तरीय ओपन बालक वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद की छह टीमों ने प्रतिभाग कर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में तिलवाड़ा की टीम ने श्रीनगर को टाईब्रेकर में 5-4 से हराकर प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम की।

प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज सिंह चौहान ने बताया कि फाइनल मुकाबला तिलवाड़ा और श्रीनगर की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने पूरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। निर्धारित समय समाप्त होने तक दोनों टीमों का स्कोर 23-23 की बराबरी पर रहा। मुकाबला बराबरी पर छूटने के बाद विजेता का फैसला करने के लिए पांच-पांच रेड का टाईब्रेकर कराया गया।

टाईब्रेकर में तिलवाड़ा की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए श्रीनगर को 5-4 से शिकस्त दी और खिताब पर कब्जा जमाया। फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने तालियों के साथ दोनों टीमों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता के दौरान युवा कल्याण विभाग के प्रशिक्षक मनवर नेगी, दीपक सिंह रावत समेत अन्य खेल प्रेमी, खिलाड़ी एवं विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।