Feb 10, 2026

ऑनलाइन गेम खेलते वक्त बीपी बढ़ने से युवक की मौत

post-img

नई दिल्ली। यूपी के मेरठ से एक हैरान और परेशान करने वाला मामला सामने आया है, यहां दिल्ली गेट इलाके में ऑनलाइन वीडियो गेम की लत ने एक युवक की जान ले ली। खबरों के मुताबिक ऑनलाइन गेम खेलते समय 22 साल के एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है जो खैरनगर गुलार वाली का रहने वाला था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कथित तौर पर ऑनलाइन गेम खेलते समय उसका ब्लड प्रेशर (बीपी) काफी हाई हो गया, जिसकी वजह से उसके दिमाग की नस फट गई। डॉक्टरों का मानना ​​है कि मौत बढ़े हुए टेंशन और एक्साइटमेंट के कारण ब्रेन हेमरेज से हुई। कैफ की मौत गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों के कथित तौर पर कूदकर आत्महत्या करने की घटना के ठीक बाद हुई है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ रही है। कैफ के मामले में पता चला है कि उसे कुछ समय से ऑनलाइन गेमिंग की लत थी। वह अक्सर हेडफोन लगाकर पूरी रात गेम खेलता था। उसके परिवार वालों के अनुसार शुक्रवार को सुबह करीब 3 बजे वह अपने कमरे में गेम खेल रहा था, तभी अचानक बिस्तर से गिर गया। परिवार वाले तुरंत उसे पास के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर उसका ब्लड प्रेशर 300 से ज्यादा देखकर हैरान रह गए। जांच में पता चला कि बहुत ज्यादा तनाव और एक्साइटमेंट के कारण उसे ब्रेन हेमरेज हुआ था, जिससे वह कोमा में चला गया। कैफ की गंभीर हालत देखकर डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया, जहां दो दिन तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद रविवार को उसकी मौत हो गई। 

इकलौता बेटा था कैफ
कैफ अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसे पहले भी हाई बीपी की समस्या हुई थी, जिसके बाद से वो दवाई ले रहा था और चिकित्सकों की निगरानी में था। परिजन उसे अत्यधिक फोन यूज करने से मना करते थे। लेकिन वो सुनता नहीं था। वो गेम खेलता था। साथ ही उसे रील बनाने का भी बड़ा शौक था। डॉक्टरों के अनुसार गेमिंग से होने वाले तनाव और अचानक एक्साइटमेंट से शरीर में एड्रेनालाईन का लेवल काफी बढ़ जाता है, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है जो जानलेवा हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक हेडफोन लगाकर गेम खेलने से दिमाग पर बहुत ज्यादा दबाव पड़ता है।