Mar 12, 2026

केदारघाटी में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का बिगुल, शेरसी, न्यालसू, रामपुर, सीतापुर की महिलाओं ने निकाली जागरूकता रैली,,

post-img

कोतवाली सोनप्रयाग के माध्यम से डीएम को भेजा ज्ञापन, 15 दिन में कार्रवाई की मांग,

मांगलिक कार्यों में शराब पर लगाया 21 हजार रुपये का जुर्माना,

गुप्तकाशी/रुद्रप्रयाग। क्षेत्र में बढ़ती अवैध शराब की बिक्री और सामाजिक कार्यक्रमों में इसके बढ़ते प्रचलन के खिलाफ गुरुवार को शेरसी, बड़ासू, न्यालसू रामपुर और सीतापुर की महिलाओं ने जनजागरूकता रैली निकालकर विरोध दर्ज किया। महिला मंगल दल के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

महिलाएं शेरसी बाजार के प्रारंभिक स्थल पर एकत्रित हुईं, जहां से रैली की शुरुआत की गई। रैली शेरसी से होते हुए न्यालसू रामपुर तक पहुंची, जहां स्थानीय महिलाओं ने भी इसका समर्थन करते हुए सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके बाद रैली कोतवाली सोनप्रयाग पहुंची, जहां महिलाओं ने कोतवाली के माध्यम से जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को ज्ञापन प्रेषित किया।

ज्ञापन में महिलाओं ने क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने की मांग करते हुए प्रशासन से 15 दिनों के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। महिला मंगल दल अध्यक्ष शेरसी रजनी देवी और ग्राम प्रधान रामपुर बबीता देवी ने बताया कि गांवों में शादी-विवाह सहित विभिन्न मांगलिक कार्यक्रमों में शराब के बढ़ते चलन को रोकने के लिए यह जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए महिलाओं ने सामूहिक निर्णय लिया है कि यदि किसी भी मांगलिक कार्य में शराब का उपयोग पाया गया तो संबंधित परिवार से 21 हजार रुपये का सामाजिक हर्जाना वसूला जाएगा।

रैली के दौरान महिलाओं ने नशा मुक्ति के पक्ष में नारे लगाते हुए लोगों से अवैध शराब के खिलाफ जागरूक होने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता अशोक सेमवाल, न्यालसू रामपुर महिला मंगल दल अध्यक्ष संध्या देवी, बड़ासू महिला मंगल दल अध्यक्ष नीलम देवी, ग्राम प्रधान न्यालसू बबीता देवी, ग्राम प्रधान बड़ासू विमला देवी, ग्राम प्रधान शेरसी वीरेंद्र नौटियाल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थे।