कार्यालयों में बेहतर कार्य संस्कृति और आमजन को समयबद्ध सेवाएं देने पर जोर,
रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने विकास भवन परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागीय कार्यालयों में स्वच्छता, कार्य प्रणाली और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयों की साफ-सफाई तथा अभिलेखों का सही रखरखाव न केवल कार्य संस्कृति को बेहतर बनाता है, बल्कि आमजन को समयबद्ध और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यालयों में पत्रावलियों और अभिलेखों का व्यवस्थित तरीके से रखरखाव सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी फाइलों और दस्तावेजों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें आसानी से उपलब्ध कराया जा सके और कार्यों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से समाज कल्याण विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, कृषि विभाग तथा उद्यान विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभाग अपने कार्यालयों में स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ रिकॉर्ड प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि सरकारी कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बनी रहे।