Mar 12, 2026

रूद्रप्रयाग में बलबीर चौधरी बने उक्रांद के जिलाध्यक्ष, संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों की तैयारी पर दिया जोर

post-img

रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड क्रान्ति दल (उक्रांद) की तिलवाड़ा-सुमाड़ी में आयोजित बैठक में वरिष्ठ नेता बलबीर चौधरी को सर्वसम्मति से जिलाध्यक्ष चुना गया। बैठक में आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को मजबूत करने और दल की गतिविधियों को तेज करने पर विशेष जोर दिया गया।

बताया गया कि उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने हाल ही में जनपद इकाई को भंग करते हुए चार दिनों के भीतर नई जिला कार्यकारिणी गठित करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में वरिष्ठ नेता बलबीर चौधरी को जिला संयोजक नियुक्त किया गया था।

रविवार को तिलवाड़ादृसुमाड़ी स्थित डिमरी लॉज में जिला संयोजक बलबीर चौधरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से उन्हें उक्रांद का जिलाध्यक्ष चुना। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए जल्द ही नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा और आगामी चुनावों में दल को मजबूती के साथ मैदान में उतारा जाएगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ नेता विष्णुकांत शुक्ला, पृथ्वीपाल रावत, देवेंद्र चमोली, जितार सिंह जंगवाण, सुबोध नौटियाल, शैलेन्द्र बुटोला, डॉ. आशुतोष भंडारी, विक्रम सिंह फर्स्वाण, आरती पांडेय, प्रेम सिंह रावत, रवि राणा, दुर्गेश शुक्ला, अंकुश जाखवाल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।