govt-ads

क्रौंच पर्वत तीर्थ में देव दीपावली के रूप में मना वैकुंठ चतुर्दशी और कार्तिक पूर्णिमा पर्व,

Blog
 Image

अखण्ड जागरण में रातभर उमड़ा आस्था का सैलाब, चारों पहर हुईं विशेष आरतियां,

33 कोटि देवी-देवताओं का किया गया विधिवत आवाहन, कार्तिक पूर्णिमा पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने किया पवित्र स्नान,

ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। देव सेनापति भगवान कार्तिकेय की तपस्थली क्रौंच पर्वत तीर्थ में वैकुंठ चतुर्दशी एवं कार्तिक पूर्णिमा का पावन पर्व देव दीपावली के रूप में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित अखण्ड जागरण में पूरी रात श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता रहा। भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों से क्रौंच पर्वत तीर्थ का वातावरण भक्तिमय बना रहा। रात्रि के चारों पहरों में चार विशेष आरतियां आयोजित कर देव सेनापति भगवान कार्तिकेय सहित 33 कोटि देवी-देवताओं का विधिवत आवाहन किया गया।

 

वैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर सुबह से ही क्रौंच पर्वत तीर्थ में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। भगवान कार्तिकेय के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। रात्रि में आयोजित अखण्ड जागरण में श्रद्धालुओं ने पूरी रात जागकर भगवान का स्मरण किया और भजन-कीर्तन के माध्यम से अपनी अटूट आस्था प्रकट की। चारों पहरों में संपन्न विशेष आरतियों के दौरान मंदिर परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

 

देव दीपावली के रूप में मनाए गए इस पर्व पर श्रद्धालुओं ने भगवान कार्तिकेय के चरणों में शीश नवाकर परिवार, क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और लोक कल्याण की कामना की। अखण्ड जागरण में श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने क्रौंच पर्वत तीर्थ की प्राचीन धार्मिक मान्यताओं और आध्यात्मिक महत्ता को एक बार फिर जीवंत कर दिया।

 

कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर भी क्रौंच पर्वत तीर्थ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने तीर्थ पहुंचकर पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पुण्य अर्जित किया। इस दौरान भगवान कार्तिकेय के दर्शन के लिए भक्तों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने देव सेनापति से सुख-शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

 

उन्होंने बताया कि कार्तिक मास के समापन पर आयोजित इन धार्मिक अनुष्ठानों ने क्रौंच पर्वत तीर्थ में आस्था, आध्यात्मिकता और लोक परंपराओं का अनुपम संगम प्रस्तुत किया। वैकुंठ चतुर्दशी की रात्रि का अखण्ड जागरण और कार्तिक पूर्णिमा का पवित्र स्नान श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से क्रौंच पर्वत तीर्थ एक बार फिर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना से सराबोर नजर आया।