govt-ads

सिलगढ़ पट्टी की सड़क को मिलेगी नई मजबूती, 1.30 करोड़ रुपये स्वीकृत,

Blog
 Image

कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी के प्रयासों को मिली सफलता, सूर्यप्रयाग–मुसाढुंग मोटर मार्ग के दो किमी हिस्से का होगा सुधारीकरण एवं डामरीकरण,,

 

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखंड जखोली की सिलगढ़ पट्टी में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी के प्रयासों से सूर्यप्रयाग–मुसाढुंग मोटर मार्ग के 10.400 से 12.400 किलोमीटर तक के दो किलोमीटर हिस्से के सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण कार्य के लिए राज्य योजना के अंतर्गत 1 करोड़ 30 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस स्वीकृति से क्षेत्र की लंबे समय से अपेक्षित सड़क सुविधा को बेहतर बनाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

 

प्रदेश के ग्राम्य विकास एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत सड़क नेटवर्क विकसित करना और आमजन को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की बुनियाद भी हैं। ऐसे में क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि सूर्यप्रयाग–मुसाढुंग मोटर मार्ग के संबंधित हिस्से में सुधारीकरण एवं डामरीकरण का कार्य पूरा होने से सिलगढ़ पट्टी के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही सड़क की स्थिति बेहतर होने से स्थानीय लोगों, किसानों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।

 

मंत्री भरत सिंह चौधरी ने इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के लिए स्वीकृति प्रदान करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है। क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार का संकल्प है। जनभावनाओं और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को आगे भी निरंतर गति दी जाएगी।