05.10.2026 ADVT

संत रविदास जयंती वर्ष पर धामी का समरसता संदेश, बोले-कानून की नजर में सभी नागरिक समान

Blog
                        Image

हरिद्वार। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में मंगलवार को हरिद्वार के धनौरी स्थित डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज में 'समरसता संकल्प यात्रा' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संत रविदास जी के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जीवन व व्यवहार में उतारने का आह्वान करते हुए प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का ब्योरा रखा।

संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में मंगलवार को हरिद्वार के धनौरी स्थित डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज में ‘समरसता संकल्प यात्रा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग कर संत रविदास जी के विचारों, आदर्शों और सामाजिक समरसता के संदेश को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सामाजिक समानता, वंचित वर्गों के उत्थान और अनुसूचित जाति समाज के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार की प्राथमिकताएं सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को समानता, प्रेम और भेदभाव से मुक्त जीवन का संदेश दिया। उनकी समरसता की सोच को केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे व्यवहार और कार्यों में भी उतारना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इसी भावना के अनुरूप उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई। इसके तहत राज्य में रहने वाले सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था की गई है। जाति, पंथ या वर्ग के आधार पर कानून के सामने किसी प्रकार का भेदभाव नहीं है। धामी ने बताया कि अनुसूचित जाति उपयोजना और जनजातीय उपयोजना के अंतर्गत पिछले छह वित्तीय वर्षों में लगभग 239 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों को आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई बीच में छोड़ने से बचाने के लिए पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले तीन वित्तीय वर्षों में इन योजनाओं के माध्यम से एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को लगभग 114 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत अनुसूचित जाति बहुल गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विकास कर उन्हें आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं, बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना के अंतर्गत देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल में छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि पति-पत्नी में से एक के अनुसूचित जाति वर्ग से होने पर दंपती को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। पिछले तीन वर्षों में 209 दंपतियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक परेशानी बाधा न बने, इसके लिए शादी अनुदान योजना चलाई जा रही है। इसके तहत पात्र अनुसूचित जाति परिवारों की अधिकतम दो बेटियों के विवाह पर प्रति बेटी 50 हजार रुपये की सहायता सीधे उपलब्ध कराई जाती है। धामी ने कहा कि स्वच्छकार भाई-बहनों की सुरक्षा, गरिमा और सम्मानजनक रोजगार सुनिश्चित करना भी सरकार की प्राथमिकता है। नमस्ते योजना के माध्यम से उन्हें असुरक्षित सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई के कार्यों से मुक्त करने तथा स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास जी के विचार समाज को जोड़ने और समानता की राह दिखाते हैं। राज्य सरकार भी सभी वर्गों को साथ लेकर विकास के अवसर उपलब्ध कराने और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। कार्यक्रम में समरसता और सामाजिक न्याय के संदेश के साथ सरकारी योजनाओं के माध्यम से वंचित वर्गों तक सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया गया।

Rohit Dimri - 22.11.2026- 1
Rohit Dimri - 22.11.2026- 2
Rohit Dimri - 22.11.2026- 3