govt-ads

गैरसैंण स्थायी राजधानी के लिए रुद्रप्रयाग में गरजा उक्रांद, राजधानी के सवाल पर कोई समझौता नहीं,

Blog
 Image

सुरेंद्र कुकरेती के नेतृत्व में निकली गर्जना रैली, सरकार पर माफियाराज और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का लगाया आरोप,

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैंण बनाने की मांग को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने सोमवार को रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। ‘गैरसैंण स्थायी राजधानी’ की मांग के समर्थन में निकाली गई गर्जना रैली में उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग उठाई।

 

मुख्य बाजार स्थित हनुमान चौक पर जनता और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने दो टूक कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने के सवाल पर उक्रांद कोई समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि गैरसैंण उत्तराखंड की जनभावनाओं और राज्य आंदोलन की मूल अवधारणा से जुड़ा विषय है। पार्टी इस मांग को लेकर संघर्ष जारी रखेगी।

 

कुकरेती ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उत्तराखंड को माफियाओं का गढ़ बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और महिलाओं के खिलाफ अपराधों के आरोपों से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई के बजाय आरोपियों को महिमामंडित किए जाने की स्थिति चिंताजनक है। वहीं, आम जनता को आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ रहा है।

 

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन जिन उम्मीदों और जनआकांक्षाओं के साथ हुआ था, उन्हें पूरा करने के लिए स्थायी राजधानी गैरसैंण का मुद्दा महत्वपूर्ण है। उक्रांद इस मांग को लेकर जनता के बीच अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।

 

इससे पहले गैरसैंण रवाना होने से पूर्व उक्रांद की जिला इकाई ने जवाड़ी बाईपास पर केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती का स्वागत किया। इसके बाद सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रुद्रा बैंड से रैली निकालकर गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। रैली मुख्य बाजार पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर राजधानी के मुद्दे पर संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।

 

उल्लेखनीय है कि 27 अक्टूबर से भराड़ीसैंण में प्रस्तावित विधानसभा के दो दिवसीय शीतकालीन सत्र के पहले दिन युवा उक्रांद ने विधानसभा घेराव का कार्यक्रम रखा है। इसी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती भी गैरसैंण रवाना हुए।

 

इस दौरान उक्रांद के केंद्रीय महामंत्री एवं मीडिया प्रभारी देवेंद्र चमोली, जिलाध्यक्ष बलवीर चौधरी, कार्यकारी अध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय, पंकज ब्यास, सैनिक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष भरत सिंह राणा, डॉ. आशुतोष भंडारी, अर्जुन कंडारी, जिला उपाध्यक्ष प्रेम सिंह रावत, विक्रम फर्स्वाण, महामंत्री शैलेंद्र बुटोला, हरिभजन सिंह भंडारी, महिला प्रकोष्ठ की आरती पांडेय और वंदना भट्ट सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।