हेलीकॉप्टर से धाम पहुंचीं बॉलीवुड अभिनेत्री, आम श्रद्धालुओं के बीच कतार में लगकर किए दर्शन, बाबा भुकुंट भैरव के दर पर भी नवाया शीश,
फिल्म ‘केदारनाथ’ की शूटिंग से शुरू हुआ आध्यात्मिक जुड़ाव आज भी बरकरार, पंच केदार के प्रति आस्था को लेकर फिर चर्चा में आईं सारा,
रुद्रप्रयाग। बर्फ की सफेद चादर, हाड़ कंपाने वाली ठंड और बाबा केदार के जयकारों से गूंजती केदारपुरी… इसी आध्यात्मिक माहौल के बीच बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान एक बार फिर भगवान केदारनाथ के दरबार में पहुंचीं। खराब मौसम और बर्फबारी के बीच धाम पहुंचीं सारा ने किसी विशेष व्यवस्था के बजाय आम श्रद्धालुओं के साथ कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया। करीब आधे घंटे तक लाइन में खड़े रहने के बाद उन्होंने बाबा केदार के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचीं अभिनेत्री की सादगी ने इस यात्रा को खास बना दिया। धाम में उनकी मौजूदगी के बावजूद कई श्रद्धालु उन्हें पहचान नहीं पाए। बताया गया कि कड़ाके की ठंड के बीच कुछ महिलाओं ने उन्हें ठंड से बचाने के लिए शॉल देने की पेशकश भी की। बाबा केदार के दर्शन के बाद सारा अली खान ने बाबा भुकुंट भैरव के दरबार में भी शीश नवाया। बर्फबारी के बीच उनकी यह यात्रा एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है।
सारा अली खान का केदारनाथ से जुड़ाव वर्ष 2017 में उनकी पहली फिल्म ‘केदारनाथ’ की शूटिंग के दौरान शुरू हुआ था। फिल्म की पृष्ठभूमि में बाबा केदार की नगरी और हिमालय की आध्यात्मिक छटा रही। इसके बाद भी सारा कई बार यहां दर्शन के लिए पहुंचीं और केदारघाटी से अपने जुड़ाव को जाहिर करती रहीं।
वर्ष 2023 में उन्होंने केदारनाथ के साथ तुंगनाथ के दर्शन किए थे। अक्टूबर 2024 में भी वह बाबा केदार के दरबार में पहुंचीं। वहीं, 22 अक्टूबर 2025 को दर्शन के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा था, “अगले साल फिर बुलाना।” अब एक बार फिर उनकी केदारनाथ यात्रा ने उस भाव को चर्चा में ला दिया है।
सारा अली खान इससे पहले वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर और उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भी दर्शन-पूजन कर चुकी हैं। वर्ष 2020 में उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा की थी, जबकि वर्ष 2022 में उज्जैन पहुंचकर महाकाल की भस्म आरती में भाग लिया था। धार्मिक स्थलों पर उनकी यात्राएं समय-समय पर सार्वजनिक चर्चा का विषय बनती रही हैं।
मंदिर प्रवेश के नियमों पर चर्चा के बीच सारा की यात्रा ने फिर खींचा ध्यान,
रूद्रप्रयाग। केदारनाथ मंदिर में गैर-सनातनियों के प्रवेश और आस्था संबंधी प्रमाणपत्र को लेकर पहले भी चर्चाएं हो चुकी हैं। इसी पृष्ठभूमि में सारा अली खान की ताजा यात्रा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। इस मामले में बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण ने बताया कि प्रकरण के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, सारा अली खान की धार्मिक यात्राओं और बाबा केदार के प्रति उनके जुड़ाव को लेकर उन्होंने कहा कि सारा प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री हैं और उनमें बाबा केदारनाथ के प्रति आस्था देखने को मिलती है। उनके अनुसार, वह पिछले कई वर्षों से पंच केदार के दर्शन करती रही हैं और हिंदू आस्था का प्रचार-प्रसार कर रही हैं।
बर्फबारी के बीच आस्था की तस्वीर बनी सारा की यात्रा
रूद्रप्रयाग।
केदारपुरी में मौसम की कठिन परिस्थितियों के बीच सारा अली खान का आम श्रद्धालुओं के साथ कतार में लगकर दर्शन करना उनकी इस यात्रा का सबसे चर्चित पहलू रहा। फिल्म की शूटिंग से शुरू हुआ केदारनाथ से उनका जुड़ाव अब बार-बार की यात्राओं के रूप में सामने आता रहा है। बर्फ से ढके हिमालय, बाबा केदार के जयकारों और आध्यात्मिक वातावरण के बीच उनकी यह यात्रा एक बार फिर केदारनाथ धाम को सुर्खियों में ले आई है।

