Jun 25, 2026

रुद्रप्रयाग में यूएवी ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त, क्षेत्र में मची हलचल, बिजराकोट क्षेत्र में मिला क्षतिग्रस्त यूएवी, किसी प्रकार की जनहानि नहीं,

post-img

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के सारी क्षेत्र अंतर्गत ककोड़ाखाल-बिजराकोट मोटर मार्ग के समीप गुरुवार को एक मानवरहित हवाई वाहन (यूएवी) दुर्घटनाग्रस्त होने से क्षेत्र में हलचल मच गई। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार अपराह्न 2:36 बजे प्रशासन को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि सारी गांव से लगभग 7 से 8 किलोमीटर ऊपर स्थित बिजराकोट क्षेत्र में एक हवाई यान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग सक्रिय हो गया तथा घटना की जानकारी जुटाने का कार्य प्रारंभ किया गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के आधार पर हेलीकॉप्टर दुर्घटना की आशंका व्यक्त की जा रही थी, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों एवं क्षेत्रीय स्रोतों से जानकारी प्राप्त करने के बाद स्पष्ट हुआ कि दुर्घटनाग्रस्त वस्तु एक ड्रोन है। उन्होंने बताया कि घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने अथवा किसी प्रकार की जनहानि की कोई सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार यह एक उन्नत मानवरहित हवाई वाहन है, जिसका उपयोग भारतीय सेना, वायु सेना एवं नौसेना द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा हथियार प्रणालियों के परीक्षण के दौरान लक्ष्य के रूप में किया जाता है।

ड्रोन के क्षतिग्रस्त अवस्था में मिलने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों में उत्सुकता का माहौल बना हुआ है। प्रशासन एवं संबंधित एजेंसियों द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

फिलहाल ड्रोन के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों का आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं किया गया है। प्रशासन ने बताया कि विस्तृत जांच एवं तकनीकी रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।