यातायात व्यवस्था होमगार्ड के भरोसे, जाम से नहीं मिल रही निजात, कार्तिक स्वामी के दर्शनार्थियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को उठानी पड़ रही भारी परेशानी,
ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। तल्लानागपुर क्षेत्र की हृदयस्थली चोपता में इन दिनों यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। मुख्य बाजार में आए दिन लगने वाला लंबा जाम स्थानीय लोगों के साथ ही तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए मुसीबत बन गया है। स्थिति यह है कि वाहनों की लंबी कतारों के बीच लोगों को घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है। विडंबना यह है कि चोपता जैसे महत्वपूर्ण व्यापारिक एवं आवागमन केंद्र की यातायात व्यवस्था होमगार्ड के जवानों के भरोसे संचालित हो रही है। पर्याप्त पुलिस बल और प्रभावी यातायात प्रबंधन के अभाव में लोगों को जाम की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है।
चोपता तल्लानागपुर क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक केंद्र होने के साथ ही प्रसिद्ध कार्तिक स्वामी तीर्थ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव है। यहां से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लिए भी आवागमन होता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक और स्थानीय ग्रामीण इस मार्ग से आवाजाही करते हैं। इसके चलते बाजार क्षेत्र में वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन यातायात के बढ़ते दबाव के अनुरूप व्यवस्थाएं विकसित नहीं की गई हैं। पर्याप्त पुलिस कर्मियों की तैनाती न होने से यातायात संचालन में दिक्कतें आ रही हैं और जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
जाम का सबसे अधिक खामियाजा कार्तिक स्वामी मंदिर के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भुगतना पड़ रहा है। कई बार उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों तक वाहनों में ही इंतजार करना पड़ता है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों को भी रोजमर्रा के कार्यों के लिए बाजार पहुंचने और अपने गंतव्य तक जाने में अनावश्यक समय गंवाना पड़ रहा है। जाम के कारण बाजार में पैदल आवाजाही तक प्रभावित हो रही है, जिसका असर व्यापारिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य फलासी दिनेश सिंह नेगी का कहना है कि चोपता पूरे तल्लानागपुर क्षेत्र का प्रमुख केंद्र है। यहां से कार्तिक स्वामी तीर्थ सहित दर्जनों गांवों के लिए आवागमन होता है। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। घंटों तक लगने वाले जाम से स्थानीय जनता के साथ ही बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने चोपता में नियमित पुलिस कर्मियों की तैनाती करने और जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने की मांग की।
स्थानीय व्यापारी मानवेन्द्र सजवाण का कहना है कि चोपता में जाम की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। यातायात व्यवस्था केवल होमगार्ड के जवानों के भरोसे छोड़ना पर्याप्त नहीं है। वाहनों की लंबी कतारों के कारण बाजार में पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस विभाग से नियमित यातायात पुलिस की तैनाती, पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और बाजार क्षेत्र में यातायात संचालन के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
वहीं व्यापारी विनोद जगवाण का कहना है कि समय रहते यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले समय में वाहनों का बढ़ता दबाव स्थानीय लोगों के साथ ही क्षेत्र के तीर्थाटन और पर्यटन के लिए भी बड़ी चुनौती बन सकता है। उन्होंने प्रशासन से चोपता में जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए व्यवस्थित एवं स्थायी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने की मांग की।

