दरमोला-डुंगरी-स्वीली और जवाड़ी-दरमोला मोटरमार्ग के सुधारीकरण व चौड़ीकरण की उठी मांग, संघर्ष समिति ने अधिशासी अभियंता को सौंपा ज्ञापन,
रुद्रप्रयाग। भरदार पट्टी में पांडव नृत्य लीला के धार्मिक आयोजनों को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है, लेकिन बदहाल सड़कें इस उत्साह पर पानी फेरती नजर आ रही हैं। संपर्क मार्गों पर जगह-जगह जमा मलबा, संकरी सड़कें और क्षतिग्रस्त हिस्से ग्रामीणों के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए भी मुसीबत बने हुए हैं। हालात यह हैं कि कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने दरमोला-डुंगरी-स्वीली तथा जवाड़ी बाईपास से जवाड़ी-दरमोला मोटरमार्ग के तत्काल सुधारीकरण और चौड़ीकरण की मांग उठाई है।
इस संबंध में डॉ. कृष्णानंद डिमरी ने 25 नवंबर को लोक निर्माण विभाग एवं पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर दोनों मोटरमार्गों की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को भी भेजी गई है। सड़क निर्माण संघर्ष समिति ने विभाग से जनहित में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दरमोला-डुंगरी मोटरमार्ग का निर्माण वर्ष 2021-22 में किया गया था। वर्ष 2023 में डामरीकरण के बाद इस मार्ग पर यातायात शुरू हुआ, लेकिन पिछले दो-तीन वर्षों से सड़क के विभिन्न हिस्सों में मलबा जमा है। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। आरोप है कि पिछले माह कार्यदायी संस्था ने जेसीबी से मलबा हटाने की कार्रवाई की, लेकिन उसे सड़क से पूरी तरह हटाने के बजाय किनारों और सड़क के नीचे ही छोड़ दिया गया। इससे मार्ग की उपलब्ध चौड़ाई और कम हो गई है।
वहीं, जवाड़ी बाईपास से जवाड़ी-दरमोला मोटरमार्ग पर उप वन संरक्षक कार्यालय के ऊपर से जवाड़ी तक करीब 200 मीटर का हिस्सा भूस्खलन के चलते क्षतिग्रस्त है। विभाग की ओर से पूर्व में जेसीबी से सफाई और मलबा हटाने का कार्य किया गया, लेकिन कई स्थानों पर सड़क की पर्याप्त चौड़ाई नहीं होने से निजी वाहनों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग का स्थायी सुधारीकरण और चौड़ीकरण नहीं होने से हर समय हादसे का खतरा बना हुआ है।
गौरतलब है कि दरमोला ग्रामसभा के तरवाड़ी गांव में इन दिनों पांडव नृत्य लीला का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, स्वीली गांव में 16 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद 14 दिसंबर 2026 से भव्य पांडव नृत्य लीला आयोजित होनी है। इन धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के लिए दिल्ली, देहरादून, चंडीगढ़ सहित विभिन्न स्थानों पर रह रहे प्रवासी ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के बड़ी संख्या में गांव पहुंचने की संभावना है। ऐसे में बदहाल सड़कें आयोजन में शामिल होने वाले लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। स्वीली में आयोजित होने वाली पांडव नृत्य लीला में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी के 20 और 21 दिसंबर को पहुंचने की भी संभावना जताई गई है।
डॉ. कृष्णानंद डिमरी ने लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई से मांग की है कि धार्मिक आयोजनों एवं ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए दोनों मोटरमार्गों पर जमा मलबे को तत्काल हटाया जाए। साथ ही भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कर आवश्यकतानुसार सड़क का चौड़ीकरण और सुधारीकरण किया जाए, ताकि ग्रामीणों, प्रवासियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन की सुवि
धा मिल सके।

