Jul 03, 2026

गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और अज्ञात शवों की शिनाख्त में नहीं चलेगी ढिलाई, पुलिस अधीक्षक ने दिए कड़े निर्देश,

post-img

कोतवालीवार समीक्षा बैठक में लंबित मामलों की प्रगति परखी, मानक कार्यप्रणाली के शत-प्रतिशत अनुपालन और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग पर दिया जोर,

रुद्रप्रयाग। जनपद में गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी तथा अज्ञात शवों की समयबद्ध शिनाख्त सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग सुश्री नीहारिका तोमर ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी राजपत्रित अधिकारियों, कोतवाली प्रभारियों, चौकी प्रभारियों तथा संबंधित विवेचकों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।

 

बैठक में जनपद की सभी कोतवालियों में दर्ज गुमशुदगी के प्रकरणों तथा बरामद अज्ञात शवों के मामलों की कोतवालीवार समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रकरण की प्रगति का गहन परीक्षण करते हुए लंबे समय से लंबित मामलों पर विशेष चिंता व्यक्त की और संबंधित विवेचकों को जांच में तेजी लाकर प्रत्येक पहलू की सूक्ष्मता से पुनः पड़ताल करने के निर्देश दिए। जिन प्रकरणों में अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय को प्रेषित किया जा चुका है, उनमें भी आवश्यकतानुसार पुनः गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए गए।

 

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि गुमशुदगी और अज्ञात शवों से जुड़े प्रत्येक मामले में पुलिस मुख्यालय द्वारा निर्धारित मानक कार्यप्रणाली (एसओपी) का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी अज्ञात शव की बरामदगी होने पर उसके छायाचित्र, शारीरिक बनावट, पहनावे तथा विशेष पहचान चिह्नों का निर्धारित समय के भीतर समाचार माध्यमों, सामाजिक संचार माध्यमों और सार्वजनिक स्थानों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि शीघ्र शिनाख्त संभव हो सके।

 

उन्होंने आधुनिक तकनीक के अधिकाधिक उपयोग पर बल देते हुए निर्देशित किया कि गुमशुदगी एवं अज्ञात शवों से संबंधित प्रत्येक प्रकरण का विवरण राष्ट्रीय सूचना ग्रिड (नेटग्रिड) सहित अन्य तकनीकी पोर्टलों पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए, जिससे देशभर में उपलब्ध अभिलेखों से मिलान कर मामलों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण किया जा सके।

 

मानव तस्करी की संभावनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने गुमशुदा बच्चों एवं महिलाओं के मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर विशेष पुलिस दल गठित करने तथा बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य संभावित स्थानों पर सघन जांच अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही डिजिटल निगरानी, मोबाइल फोरेंसिक तकनीक तथा मुखबिर तंत्र को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर भी विशेष बल दिया।

 

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गुमशुदा व्यक्तियों की सकुशल बरामदगी तथा अज्ञात शवों की पहचान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण उत्तरदायित्व, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।

बैठक में पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी वेद प्रकाश भट्ट, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग मुकेश चौहान, पुलिस अधीक्षक के वाचक रणजीत खनेड़ा सहित जनपद के सभी कोतवाली प्रभारी एवं संबंधित विवेचक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।