Apr 20, 2026

सेम गांव के ग्रामीणों का दो दशक का इंतजार खत्म, कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने किया ढाई किमी सड़क का शिलान्यास,

post-img

दो माह में सड़क कटिंग का कार्य पूरा होने की उम्मीद,

रुद्रप्रयाग। जखोली ब्लॉक के सेम गांव के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। करीब दो दशक के लंबे इंतजार और पिछले पांच वर्षों के सतत संघर्ष के बाद आखिरकार गांव तक सड़क पहुंचने का सपना साकार होने की दिशा में बढ़ गया है। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने रतनपुर-दरमोला मोटरमार्ग से सेम गांव तक बनने वाली ढाई किलोमीटर सड़क का विधिवत शिलान्यास किया।

इस मोटरमार्ग के निर्माण के लिए 151.14 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की गई है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री चौधरी ने कहा कि उनका लक्ष्य रुद्रप्रयाग विधानसभा के प्रत्येक गांव को सड़क सुविधा से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में अब तक लगभग 200 सड़कों का निर्माण पूरा किया जा चुका है, जबकि 150 से अधिक सड़कों पर कार्य प्रगति पर है। आने वाले समय में और भी कई सड़क परियोजनाएं शुरू की जाएंगी, जिससे क्षेत्र में आवागमन की समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।

सड़क निर्माण संघर्ष समिति के अध्यक्ष कृष्णानंद डिमरी ने कहा कि सेम गांव के ग्रामीण पिछले 20 वर्षों से सड़क की मांग कर रहे थे और पिछले पांच सालों से लगातार संघर्ष कर रहे थे। लंबे संघर्ष के बाद अब यह सपना साकार होता दिख रहा है, जो क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि सड़क बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में भी लोगों को लाभ मिलेगा।

भरदार विकास मंच के अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद डिमरी ने कहा कि सड़क के अभाव में ग्रामीणों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता था और खड़ी चढ़ाई पार करनी पड़ती थी। अब सड़क निर्माण शुरू होने से लोगों में नई उम्मीद जगी है कि जल्द ही गांव तक सड़क सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता सुरेंद्र रावत ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, ग्राम प्रधान विनायिका डिमरी, डॉ. शशांक शेखर डिमरी, डॉ. हरिशंकर डिमरी, राजेंद्र डिमरी, विकास डिमरी, राजेश डिमरी, भगवती डिमरी, संजू डिमरी, एलपी डिमरी, भगत चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।