Apr 20, 2026

केदारनाथ हाईवे का रामपुर सिंकिंग जोन का कायाकल्प, केदारनाथ मार्ग अब होगा सुरक्षित और सुगम

post-img

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अत्यंत संवेदनशील रामपुर सिंकिंग जोन का राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा सफलतापूर्वक कायाकल्प कर दिया गया है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के तहत लगभग 120 मीटर लंबे भू-स्खलन एवं धंसाव प्रभावित क्षेत्र का वैज्ञानिक और स्थायी समाधान किया गया है।

निर्माण कार्य के दौरान निचले हिस्से में रीइन्फोर्स्ड सॉयल (आरएस) अर्थ वॉल का निर्माण करते हुए कंक्रीट पेवमेंट प्रदान किया गया। वहीं, ऊपरी भाग में ग्रेविटी वॉल के साथ सॉइल एंकरिंग तकनीक का उपयोग कर ढलान को मजबूती दी गई। इस समग्र तकनीकी उपचार से क्षेत्र में बार-बार होने वाले धंसाव और भूस्खलन की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। सुधार कार्य पूर्ण होने के बाद अब इस मार्ग पर यातायात पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा। विशेष रूप से चारधाम यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की यह पहल क्षेत्रीय अवसंरचना को सुदृढ़ करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।