रुद्रप्रयाग। अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के सभागार कक्ष में ’जन संवाद कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान अलग-अलग विभागों से संबंधित कुल 12 शिकायतें दर्ज की गई, जिनमें से 5 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
ग्राम पंचायत कफना की प्रधान बवीता रौतेला ने बताया कि उनके क्षेत्र में कई परिवार दिहाड़ी मजदूरी कर जीवन यापन कर रहे हैं और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद उन्हें बीपीएल राशन कार्ड नहीं मिल पा रहा है। फतेहपुर निवासी प्रदीप चंद्र ने मनरेगा कार्यों में अनियमितताओं की शिकायत दर्ज कर जांच की मांग की। लावड़ी गांव की लीला देवी ने अपने क्षतिग्रस्त आवास और आर्थिक तंगी की समस्या बताई, वहीं जवाड़ी गांव के वीरेंद्र सिंह ने आर्थिक सहायता और रोजगार उपलब्ध कराने की मांग रखी।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ’जन संवाद’ में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रम के दौरान सीएम पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। एल-1 स्तर पर 117 और एल-2 स्तर पर 34 शिकायतें लंबित पाई गईं, जिनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, जखोली भगत सिंह फोनिया, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र महेश प्रकाश, जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग इंद्रजीत बोस, ग्रामीण निर्माण विभाग की मीनल गुलाटी, सिंचाई विभाग के खुशवंत सिंह चौहान, प्रभारी शिकायत निवारण केंद्र विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।