रूद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में आगामी 11 जून को आयोजित होने वाले ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं तैयारियों को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में धर्मस्व एवं संस्कृति सचिव युगल किशोर पंत ने जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की।
बैठक में सचिव युगल किशोर पंत ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करें तथा आयोजन को पूरी भव्यता और गरिमा के साथ संपन्न कराएं।
बैठक के दौरान कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, विभागवार जिम्मेदारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव ने कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं लाइव प्रसारण जैसी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने संबंधित विभागों को आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने देने के लिए सतर्क रहने को कहा।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार सोमनाथ मंदिर पर प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष तथा मंदिर पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में इस वर्ष पहली बार केदारनाथ धाम में भी इस पर्व को विशेष भव्यता और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, अधिशासी अभियंता राजविंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।