मातृ शक्ति के पहुंचने से आंदोलन को मिला बल, पशु उपचार केंद्र को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग,
फाटा/रुद्रप्रयाग। राजकीय इंटर कॉलेज फाटा के छात्रावास भवन में पिछले दो वर्षों से निजी संस्था द्वारा संचालित अस्थायी पशु उपचार केंद्र को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का आंदोलन तेज हो गया है। मंगलवार से शुरू किया गया अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।
दूसरे दिन अनशन स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। वहीं मातृ शक्ति की भागीदारी से आंदोलन को और मजबूती मिलती दिखाई दी। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि उनकी मुख्य मांग विद्यालय के छात्रावास भवन को जल्द खाली कराना है, ताकि इसे विद्यार्थियों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जा सके।
ग्राम प्रधान रविग्राम रामेश्वर प्रसाद जमलोकी ने बताया कि 10 मार्च से शुरू किया गया क्रमिक अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। उन्होंने बताया कि आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में मातृ शक्ति भी समर्थन देने पहुंची, जिसके लिए उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब तक छात्रावास भवन को खाली नहीं कराया जाता, तब तक क्रमिक अनशन जारी रहेगा।
क्षेत्र पंचायत सदस्य जामू आरती देवी ने कहा कि विद्यालय के छात्रावास को खाली कराने के लिए मातृ शक्ति को अपने सभी कार्य छोड़कर आंदोलन स्थल पर पहुंचना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर शासन-प्रशासन एक निजी संस्था के आगे मौन क्यों है। उन्होंने पशु उपचार केंद्र को शीघ्र अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग दोहराई।
इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजाराम सेमवाल, ग्राम प्रधान बड़ासू विमला देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य खड़िया योगिता देवी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य जामू शकुंतला देवी, पूर्व प्रधान रविग्राम पिंकी देवी, मजदूर संघ संरक्षक अवतार सिंह नेगी, विमला देवी, वंदना देवी, चरण सिंह मेहरा, अमित सेमवाल, उत्तम जमलोकी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।