Mar 11, 2026

रुद्रप्रयाग से देहरादून स्थानांतरित हुए निरीक्षक एलआईयू मनोज बिष्ट को भावभीनी विदाई

post-img

पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों व कर्मचारियों ने दी शुभकामनाएं,
रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग से देहरादून स्थानांतरित हुए निरीक्षक स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) मनोज बिष्ट को बुधवार को पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भावभीनी विदाई दी गई।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि मनोज बिष्ट ने जनपद रुद्रप्रयाग में लगभग साढ़े तीन वर्षों तक निरीक्षक एलआईयू के पद पर रहते हुए अपने दायित्वों का निष्ठा और कुशलता के साथ निर्वहन किया। कार्यक्रम में प्रभारी आशुलिपिक नरेन्द्र सिंह, निरीक्षक पुलिस दूरसंचार प्रमोद पेटवाल सहित एलआईयू स्टाफ के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनके साथ कार्य करने के अनुभव साझा किए और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान निरीक्षक मनोज बिष्ट ने भी सभी सहकर्मियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रुद्रप्रयाग में बिताया गया समय उनके लिए सदैव यादगार रहेगा।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने कहा कि स्थानांतरण प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने मनोज बिष्ट द्वारा अपने कार्यकाल में निभाई गई जिम्मेदारियों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि वे नई तैनाती पर भी इसी तरह अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। अंत में जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस परिवार की ओर से निरीक्षक मनोज बिष्ट को नई तैनाती के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।