Mar 11, 2026

अगस्त्यमुनि बाजार में भटकती मिली गुमशुदा बालिका, सीडब्लूसी और चाइल्ड हेल्पलाइन की तत्परता से परिवार से कराया मिलन

post-img

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने लिया संरक्षण में, त्वरित कार्रवाई कर परिजनों तक सकुशल पहुंचाया,

 

रुद्रप्रयाग।

जनपद रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि बाजार में अकेली भटक रही एक गुमशुदा बालिका को बाल कल्याण समिति और चाइल्ड हेल्पलाइन की तत्परता से सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचा दिया गया। समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित अनहोनी टल गई और बालिका सुरक्षित अपने परिवार तक लौट सकी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अगस्त्यमुनि बाजार क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका संदिग्ध परिस्थितियों में अकेली घूमती हुई दिखाई दी। बालिका को असहाय स्थिति में देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बालिका को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।

इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार बालिका को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए समिति ने तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन के साथ समन्वय स्थापित किया और बालिका की पहचान व परिजनों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।

चाइल्ड हेल्पलाइन और बाल कल्याण समिति की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका की पहचान सुनिश्चित की तथा उसके परिजनों का पता लगाया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालिका को सुरक्षित रूप से उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।

 

 

अधिकारियों ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं कोई बच्चा संकट में, लावारिस या भटका हुआ दिखाई दे तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें, ताकि समय रहते बच्चे को सुरक्षा और सहायता प्रदान की जा सके।