ऊखीमठ/रूद्रप्रयाग।
सकल हिन्दू समाज के तत्वावधान में ऊखीमठ में आयोजित भव्य हिन्दू सम्मेलन धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त प्रतीक बनकर सामने आया। सम्मेलन के दौरान निकाली गई भव्य शोभायात्रा तथा विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे।
सम्मेलन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में धर्माचार्य, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम स्थल वैदिक मंत्रोच्चार, जयघोष और भगवा ध्वजों से पूर्णतः धर्ममय वातावरण में परिवर्तित हो गया। सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक प्रार्थना के साथ किया गया।
सम्मेलन में मुख्य वक्ता डॉ. सुशील कोटनाला ने सनातन धर्म की मूल अवधारणाओं, हिन्दू संस्कृति की गौरवशाली परंपरा और सामाजिक समरसता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हिन्दू समाज को संगठित होकर अपनी सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक मूल्यों और नैतिक परंपराओं की रक्षा के लिए सजग और सक्रिय रहना अत्यंत आवश्यक है।
आचार्य सुरेशानन्द गौड़ ने धर्मांतरण, सामाजिक विघटन, पाश्चात्य प्रभाव और नैतिक मूल्यों में आ रही गिरावट जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा की। उन्होंने युवाओं से नशे, भटकाव और कुरीतियों से दूर रहकर धर्म, राष्ट्र और समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही शिक्षा, सेवा और संस्कार को हिन्दू समाज की रीढ़ बताते हुए इनके संरक्षण पर बल दिया।
केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि हिन्दू समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता में निहित है। उन्होंने जाति, वर्ग और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर समाज को एक सूत्र में पिरोने की आवश्यकता पर जोर देते हुए सनातन परंपराओं, मंदिरों की रक्षा, धार्मिक आयोजनों के संरक्षण और सामाजिक सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
सम्मेलन की अध्यक्षता ओंकारेश्वर मंदिर के प्रधान पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने की। उन्होंने समाजहित में निरंतर कार्य करने, धार्मिक आयोजनों को सशक्त बनाने और आने वाली पीढ़ी को संस्कारवान बनाने की आवश्यकता बताई। सम्मेलन आयोजक संदीप पुष्वाण ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में ऐसे आयोजनों को और व्यापक स्तर पर आयोजित करने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन पूर्व प्रधान जगदीश लाल ने किया।
इस अवसर पर कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, चारधाम तीर्थ पुरोहित समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष त्रिवेदी, भाजपा मंडल अध्यक्ष दलवीर नेगी, गजेंद्र चौधरी, डी.एस. पुजारी, सुरेंद्र दत्त नौटियाल, खंड कार्यवाहक प्रह्लाद पुष्वाण, विनोद सेमवाल, रमेश चंद्र सेमवाल, गजपाल रावत, सभासद बलवीर पंवार, प्रधान मनवर नेगी, प्रधानाचार्य लक्ष्मण सिंह नेगी, रघुनाथ सिंह नेगी, रेखा रावत, विनोद रावत, तेज प्रकाश त्रिवेदी, कर्मवीर बर्त्वाल, चंद्र मोहन उखियाल, सुधा नेगी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।