Mar 23, 2026
govt-ads

केदारनाथ यात्रा तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री की सख्त समीक्षा, 22 अप्रैल से शुरू होगी केदारनाथ यात्रा

post-img

सभी विभागों को समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश,

सुरक्षा, स्वास्थ्य और ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष फोकस,

घोड़े-खच्चरों का पंजीकरण व स्वास्थ्य परीक्षण शुरू, डेंजर जोन में विशेष सुरक्षा कार्य जारी,

सभी विभागों को समयबद्ध और समन्वित कार्य के निर्देश, यात्रियों की सुरक्षा-सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता,

रुद्रप्रयाग।

आगामी केदारनाथ यात्रा 2026 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल बनाने के उद्देश्य से जनपद के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने जिला सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में यात्रा व्यवस्थाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन करते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर और आपसी समन्वय से पूरे किए जाएं।

बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जानकारी दी कि 22 अप्रैल से प्रस्तावित यात्रा के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए हर स्तर पर तैयारियां तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं। पशुपालन विभाग द्वारा यात्रा मार्ग पर संचालित घोड़े-खच्चरों का पंजीकरण कार्य शुरू कर दिया गया है। साथ ही पशुओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे यात्रा के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए। लोक निर्माण विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त सड़कों का चिन्हीकरण कर पैचवर्क तेज़ी से कराया जा रहा है। संवेदनशील और डेंजर जोन क्षेत्रों में सुरक्षा के मद्देनजर विशेष ट्रीटमेंट कार्य युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन का लक्ष्य यात्रा मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित और सुगम बनाना है।

स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों के तहत यात्रा मार्ग पर पर्याप्त एंबुलेंस तैनात की जाएंगी। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति के साथ विभिन्न पड़ावों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। आवश्यक दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित कर आपात स्थिति में त्वरित उपचार की व्यवस्था की जा रही है। प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने स्पष्ट कहा कि केदारनाथ यात्रा आस्था, संस्कृति और प्रदेश की अर्थव्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे, साथ ही पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त की जाएं। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए और शिकायतों के निस्तारण के लिए मजबूत व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुखद यात्रा अनुभव मिल सके।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल सहित जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।