Mar 23, 2026
govt-ads

कंडारा वार्ड में नशा मुक्त अभियान की शुरुआत, पुलिस ने सख्ती का दिया भरोसा

post-img

रुद्रप्रयाग। कंडारा वार्ड में नशा मुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला पंचायत सदस्य अजयवीर भंडारी की अध्यक्षता में ग्राम सभा की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से व्यापक चर्चा की गई और ठोस कदम उठाने का निर्णय लिया गया।

 

बैठक में संबंधित पुलिस अधिकारी गुमान सिंह नेगी एवं उनकी पूरी टीम को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। उन्होंने गांववासियों को आश्वस्त किया कि अब क्षेत्र में नशे के कारोबार को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशे के अवैध कारोबार में लिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर कंडारा वार्ड के जिला पंचायत सदस्य अजयवीर भंडारी, ग्राम प्रधान कंडारा अंजू देवी भंडारी, महिला मंगल दल की अध्यक्ष संतोषी बिष्ट, सामाजिक कार्यकर्ता एवं मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज नेगी, थाना प्रभारी गुमान सिंह नेगी सहित पूरी पुलिस टीम और बड़ी संख्या में ग्रामवासी, विशेषकर मातृ शक्ति उपस्थित रही।बैठक में सभी ने एकजुट होकर कंडारा वार्ड को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने भी प्रशासन का सहयोग करने और नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का भरोसा दिया। इस पहल को क्षेत्र में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में समाज में जागरूकता बढ़ेगी और नशे के खिलाफ मजबूत वातावरण तैयार होगा।

 

हमारा उद्देश्य  है कि आने वाली पीढ़ी को एक स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त वातावरण प्रदान किया जाए। इसके लिए जनजागरूकता, सतर्कता और प्रशासन के साथ समन्वय बेहद आवश्यक है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि सभी के सहयोग से कंडारा वार्ड जल्द ही नशा मुक्त क्षेत्र के रूप में एक उदाहरण प्रस्तुत करेगा।” — अजयवीर भंडारी, जिला पंचायत सदस्य