Mar 23, 2026
govt-ads

घिमतोली के ग्वांस गांव में “आगाज़ कम्युनिटी लाइब्रेरी” का शुभारंभ, ग्रामीण शिक्षा को मिलेगा नया आयाम,

post-img

निःशुल्क लाइब्रेरी से बच्चों व युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं, व्यक्तित्व विकास और करियर मार्गदर्शन में मिलेगी मदद,

आगाज़ यूथ क्लब का लक्ष्य, हर गांव तक लाइब्रेरी पहुंचाकर पहाड़ में मजबूत शिक्षा व्यवस्था का निर्माण,

ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। तल्लानागपुर क्षेत्र के सीमान्त ग्राम घिमतोली के ग्वांस गांव में आगाज़ यूथ क्लब श्रीनगर गढ़वाल के सहयोग से “आगाज़ कम्युनिटी लाइब्रेरी” का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी कर कार्यक्रम को सफल बनाया।

यह लाइब्रेरी क्षेत्र के सभी ग्रामीणों और नौनिहालों के लिए पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध रहेगी, जिससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। लाइब्रेरी में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए विभिन्न विषयों की उपयोगी पुस्तकें रखी गई हैं, जिनमें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, व्यक्तित्व विकास, सामान्य ज्ञान तथा प्रेरणादायक कहानियों से संबंधित पुस्तकें शामिल हैं।

आगाज़ यूथ क्लब के अध्यक्ष हरीश चन्द्र तिवारी ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल पुस्तकें उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि गांवों में सकारात्मक और सीखने वाला वातावरण तैयार करना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह छात्रों के लिए काउंसलिंग सत्र, ग्रुप डिस्कशन, पब्लिक स्पीकिंग, करियर गाइडेंस और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे बच्चों को व्यवहारिक ज्ञान भी मिल सके।

क्लब के सचिव धीरज सिंह नेगी ने बताया कि संगठन का लक्ष्य पूरे उत्तराखंड के प्रत्येक गांव में “आगाज़ कम्युनिटी लाइब्रेरी” स्थापित करना है, ताकि पहाड़ी क्षेत्रों में मजबूत शिक्षा प्रणाली विकसित हो सके और युवाओं को अपने गांव में ही बेहतर अवसर मिलें। इस पहल के माध्यम से शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास और आत्मनिर्भरता को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित ग्राम प्रधान कविता देवी के प्रतिनिधि शंकर सिंह नेगी ने यूथ क्लब की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ेगी और बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन सिंह नेगी ने भी इसे शिक्षा और सामाजिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

गांव पहुंचने पर यूथ क्लब के पदाधिकारियों का वन पंचायत सरपंच धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने कहा कि लाइब्रेरी के माध्यम से गांव में बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित होगा और आने वाली पीढ़ियों को नई दिशा व अवसर मिलेंगे।

इस अवसर पर भाजपा मंडल महामंत्री दीपक नेगी, रघुनाथ सिंह नेगी, लीगल एडवाइजर नितिन मलेठा, नव युवक मंगल दल अध्यक्ष राकेश सिंह नेगी, वीरेन्द्र सिंह नेगी, महेश सिंह नेगी, अमिता, सयन सिंह नेगी, अंजलि, पंकज सिंह नेगी, सवि, सपना, कुंवर सिंह नेगी, शारदा देवी, दिव्यांशु, जय कैलाश सिंह नेगी, आशुतोष नेगी, योगेश चंद्र, आयुष पालीवाल, सुभाष रावत, पंकज बिंदास, ऋषभ नेगी, परिधि चौधरी सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।