May 26, 2026

विश्व परिवार दिवस पर गडोरा में जागा कानूनी चेतना का दीप, महिलाओं और ग्रामीणों को बताए अधिकार,

post-img

रूद्रप्रयाग। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग की ओर से “विश्व परिवार दिवस” के अवसर पर ग्राम पंचायत गडोरा में एक व्यापक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जिला न्यायाधीश रुद्रप्रयाग के मार्ग-दर्शन में संपन्न हुआ। शिविर की अध्यक्षता सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग पायल सिंह ने की।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं एवं श्रमिकों ने भाग लिया। इस दौरान सचिव पायल सिंह ने घरेलू हिंसा, भरण-पोषण, विवाह, तलाक, महिलाओं के अधिकार तथा पैतृक संपत्ति में उत्तराधिकार से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता और सलाह उपलब्ध कराई जाती है, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक अभाव के कारण न्याय से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में श्रमिकों को ई-श्रम कार्ड, श्रमिक पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, दुर्घटना सहायता, पेंशन योजनाओं, मातृत्व लाभ सहित विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आने की अपील की। शिविर का मुख्य आकर्षण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वॉलेंटियर्स द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायक नुक्कड़ नाटक रहा। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से घरेलू हिंसा, सामाजिक कुरीतियों, महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों जैसे संवेदनशील विषयों को बेहद प्रभावशाली और सरल अंदाज में प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने संदेश दिया कि अन्याय और हिंसा के खिलाफ आवाज उठाना ही सशक्त समाज की पहचान है। ग्रामीणों ने नाटक की जमकर सराहना की और इसे जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम ने ग्रामीण क्षेत्रों में कानूनी जागरूकता और सामाजिक चेतना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित किया।