रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा 2026 में इस वर्ष आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ रहा है। बाबा केदार के दर्शन के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। यात्रा शुरू होने के मात्र 20 दिनों के भीतर ही 4 लाख 50 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं, जिससे यात्रा मार्ग पर लगातार भारी दबाव बना हुआ है।
22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखना जिला प्रशासन और पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। यात्रा के प्रमुख पड़ाव सोनप्रयाग और सीतापुर में सुबह 3 बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो जा रही हैं। बाबा केदार के दर्शन की प्रबल आस्था के चलते श्रद्धालु घंटों इंतजार करने को भी तैयार दिखाई दे रहे हैं।
बीते रविवार को सोनप्रयाग से हजारों श्रद्धालुओं के एक साथ केदारनाथ के लिए रवाना होने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि जिला प्रशासन और पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए भीड़ को नियंत्रित किया तथा यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से सुरक्षित आगे रवाना कराया। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से स्थिति जल्द सामान्य कर ली गई।
पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुण्डीर ने बताया कि यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। सोनप्रयाग स्थित रजिस्ट्रेशन काउंटरों और सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक संचालित शटल सेवाओं में यात्रियों की कतारों को पुलिस बल द्वारा व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर प्रसारित की जा रही कई सूचनाएं भ्रामक हैं, इसलिए श्रद्धालु केवल प्रशासन और पुलिस के आधिकारिक माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन, शटल संचालन, चिकित्सा सेवाएं और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि बाबा केदार के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।