May 11, 2026

सीमांत क्षेत्र के विद्यालयों में माइंड मिटंस फाउंडेशन ने बांटी लेखन व खेल सामग्री

post-img

 

ऊखीमठ। तल्लानागपुर के सीमांत क्षेत्र घिमतोली अंतर्गत स्वारी ग्वास में शिक्षा और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में माइंड मिटंस फाउंडेशन द्वारा सराहनीय पहल की गई। फाउंडेशन ने प्राथमिक विद्यालय ग्वास, प्राथमिक विद्यालय स्वारी तथा जूनियर हाईस्कूल स्वारी ग्वास में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को लेखन सामग्री एवं खेल सामग्री वितरित की।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने फाउंडेशन पदाधिकारियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत करते हुए उनके सामाजिक और शैक्षिक प्रयासों की सराहना की। प्राथमिक विद्यालय ग्वास में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल, ज्योमेट्री बॉक्स सहित अन्य शैक्षिक सामग्री के साथ फुटबॉल, वॉलीबॉल एवं अन्य खेल सामग्री वितरित की गई। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

 

विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में इस प्रकार का सहयोग विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

 

फाउंडेशन की चेयरपर्सन शिवानी कपूर ने कहा कि संस्था का उद्देश्य दूरस्थ एवं पिछड़े क्षेत्रों के बच्चों तक शिक्षा और खेल संसाधन पहुंचाकर उनके सर्वांगीण विकास में सहयोग करना है। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष फाउंडेशन द्वारा केदार घाटी के प्राथमिक विद्यालय तोषी एवं जूनियर हाईस्कूल तोषी में भी बच्चों को लेखन सामग्री, खेल सामग्री और ड्रेस वितरित की गई थी। भविष्य में मदमहेश्वर घाटी के गडगू गांव के विद्यालयों में भी सहयोग की योजना तैयार की जा रही है।

 

उन्होंने बताया कि सोमवार को स्वारी ग्वास क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत चार दर्जन से अधिक बच्चों को लेखन एवं खेल सामग्री वितरित की गई।

 

पीटीए अध्यक्ष विनीता देवी ने फाउंडेशन के प्रयास को सराहनीय बताते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ेगी और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

 

इस अवसर पर भाजपा चोपता मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी, महामंत्री दीपक नेगी, वन पंचायत सरपंच धर्मेंद्र सिंह नेगी, नव युवक मंगल दल अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह नेगी, प्रधानाध्यापक वीरेंद्र सिंह नेगी, दिगंबर सिंह लिंगवाल, पुनीत सडिन्याल, चैत सिंह नेगी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री आरती देवी, भारती देवी, त्रिलोक सिंह नेगी, सुनीता देवी, प्रदीप सिंह नेगी, नवीन सिंह नेगी सहित अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।