रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में चल रही तीर्थयात्रा के दौरान जहां एक ओर लाखों श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए उमड़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तत्परता से डटा हुआ है। इस बीच बुधवार मंदिर परिसर में एक ऐसा भावुक और मानवीय दृश्य सामने आया, जिसने हर किसी का दिल छू लिया।
दरअसल, भारी भीड़ के चलते लखनऊ निवासी अमरजीत यादव का 11 वर्षीय पुत्र संस्कार यादव अपने परिजनों से बिछड़ गया। भीड़ के बीच अकेला और घबराया हुआ बालक जब भटकता हुआ मिला, तो वहां तैनात पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत अपने संरक्षण में लिया और पूछताछ केंद्र पहुंचाया। पुलिस कर्मियों ने न केवल बालक को सुरक्षित स्थान पर बैठाया, बल्कि उसे ढांढस बंधाते हुए शांत किया और उससे आवश्यक जानकारी प्राप्त की। बालक द्वारा खुद के खो जाने की बात बताने पर पुलिस ने बिना देरी किए सक्रियता दिखाते हुए मंदिर परिसर में लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लगातार उद्घोषणाएं कराईं।
इसी दौरान बालक से उसके पिता का मोबाइल नंबर प्राप्त कर पुलिस ने तत्काल संपर्क स्थापित किया और उन्हें पूछताछ केंद्र पहुंचने के लिए सूचित किया। कुछ ही समय बाद जब पिता वहां पहुंचे और अपने बेटे को सुरक्षित देखा, तो उनकी आंखें नम हो गईं। यह पल वहां मौजूद हर व्यक्ति के लिए बेहद भावुक कर देने वाला था। पुलिस ने पूरी प्रक्रिया के बाद बालक संस्कार को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस दौरान परिवार ने राहत की सांस लेते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस का दिल से आभार व्यक्त किया और उनकी त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि रुद्रप्रयाग पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट के समय वह संवेदनशीलता और मानवीयता का भी परिचय देती है। भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों पर इस प्रकार की तत्परता श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा का भरोसा बनती है। पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीड़भाड़ के दौरान अपने बच्चों और परिजनों का विशेष ध्यान रखें, पहचान संबंधी जानकारी साथ रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस सहायता केंद्र से संपर्क करें। केदारनाथ धाम में पुलिस की यह सराहनीय पहल न केवल एक परिवार के लिए राहत लेकर आई, बल्कि यह भी दर्शाती है कि सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता के साथ पुलिस हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी है।