Apr 22, 2026

स्वच्छता की ओर कदम : पालिका ने व्यापारियों को बांटे जैविक-अजैविक कूड़ेदान

post-img

रुद्रप्रयाग। नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को हाई-टेक और व्यवस्थित बनाने के लिए अपनी मुहिम तेज कर दी है। इसी क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष संतोष सिंह रावत की अध्यक्षता में वार्ड संख्या-1 (तिलनी/सुमेरपुर) क्षेत्र के व्यापारिक प्रतिष्ठानों को कूड़ेदान वितरित किए गए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य कूड़े का स्रोत पर ही पृथक्करण सुनिश्चित करना है।

इस दौरान पालिका अध्यक्ष संतोष सिंह रावत ने व्यापारियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण में सहयोग दें और अपने प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को ’’जैविक और अजैविक के रूप में अलग-अलग रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब कूड़ा अलग-अलग होगा, तभी उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण संभव हो सकेगा। वार्ड संख्या-1 की सभासद रवीना देवी की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से सुमेरपुर क्षेत्र के व्यापारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। पालिका का लक्ष्य है कि आने वाले समय में नगर के शत-प्रतिशत कूड़े का सही प्रबंधन किया जाए, जिससे रुद्रप्रयाग एक आदर्श ’स्वच्छ शहर’ बन सके। इस अवसर पर सफाई निरीक्षक शिवराज सिंह, कर संग्राहक चंद्रशेखर चौधरी, कनिष्ठ सहायक महेश चंद, सामाजिक कार्यकर्ता शेखर बहुगुणा सहित पर्यावरण मित्र आनंद सिंह, मनोज कुमार, सचिन, राजीव, सूरज और सपना देवी मौजूद रहे।

टीम ने जगाई जागरूकता

रुद्रप्रयाग। अभियान में स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर जसपाल भारती और नगर पालिका की टीम ने घर-घर और दुकान-दुकान जाकर लोगों को कचरा प्रबंधन के लाभ बताए। स्थानीय व्यापारियों ने पालिका की इस पहल का स्वागत किया और शहर को साफ रखने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।