May 31, 2026

बेहतर व्यवस्थाओं से लगातार बढ़ रहा श्रद्धालुओं का विश्वास : विधायक आशा नौटियाल,

post-img

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा हिमालय, केदारनाथ में दस लाख श्रद्धालुओं का ऐतिहासिक आंकड़ा पार,

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इस वर्ष आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ रहा है। कपाट खुलने के मात्र 40 दिनों के भीतर ही 10 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। यह उपलब्धि न केवल उत्तराखंड के धार्मिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ रही है, बल्कि भगवान शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ के प्रति देश-विदेश के श्रद्धालुओं की अटूट आस्था, विश्वास और समर्पण का भी सशक्त प्रमाण बनकर उभरी है।

केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की श्रद्धा, सनातन संस्कृति की शक्ति और देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक गरिमा का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बाबा केदार की असीम कृपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण एवं विकास कार्य अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ा है, जिससे धाम की दिव्यता और भव्यता में निरंतर वृद्धि हुई है।

विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। यात्रा मार्गों पर यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल उपलब्धता और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में व्यापक एवं प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। शासन और प्रशासन के समन्वित प्रयासों का ही परिणाम है कि लाखों श्रद्धालु बेहतर सुविधाओं के साथ सुरक्षित एवं सहज यात्रा का अनुभव कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या यह दर्शाती है कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों एवं व्यवस्थाओं पर श्रद्धालुओं का विश्वास निरंतर मजबूत हुआ है। आज केदारपुरी में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार, बेहतर संपर्क मार्ग, सुव्यवस्थित तीर्थ प्रबंधन और आध्यात्मिक वातावरण को अक्षुण्ण रखते हुए किए जा रहे विकास कार्य देशभर के तीर्थस्थलों के लिए एक आदर्श मॉडल बन रहे हैं।

विधायक ने चारधाम यात्रा से जुड़े सभी विभागों, जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्यकर्मियों, आपदा राहत दलों, स्वयंसेवी संस्थाओं, तीर्थ पुरोहितों, व्यापारियों तथा स्थानीय जनता के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास, समर्पण और सेवा भाव से यात्रा सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। उन्होंने देश-विदेश से आने वाले सभी श्रद्धालुओं का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत करते हुए बाबा केदारनाथ से प्रार्थना की कि उनकी यात्रा मंगलमय, सुरक्षित एवं पुण्यदायी हो तथा भगवान केदारनाथ सभी भक्तों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता का आशीर्वाद प्रदान करें।

आस्था, विश्वास और विकास के अद्भुत संगम के रूप में उभर रहा श्री केदारनाथ धाम आज पुनः विश्वभर के श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और सनातन संस्कृति का केंद्र बन चुका है।