फाटा/रुद्रप्रयाग। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फाटा में एएनएम पद पर कार्यरत श्रीमती दर्शनी देवी के 37 वर्षों की सफल एवं समर्पित सरकारी सेवा पूर्ण करने पर शनिवार को स्वास्थ्य केंद्र परिसर में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं ग्रामीणों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके योगदान को याद किया।
श्रीमती दर्शनी देवी ने स्वास्थ्य विभाग में लगभग 37 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं, जिनमें से 24 वर्ष उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फाटा में बिताए। अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने हजारों सुरक्षित मातृत्व एवं शिशु प्रसव कराए तथा क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके उत्कृष्ट कार्यों और समर्पण के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा समय-समय पर उन्हें सम्मानित भी किया गया।
केदारघाटी के सीमांत क्षेत्र में कार्य करते हुए दर्शनी देवी ने दिन-रात निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कीं। प्रसव सेवाओं में उनकी विशेष दक्षता और मानवता से परिपूर्ण कार्यशैली के कारण स्थानीय लोग उन्हें स्नेहपूर्वक "केदारघाटी की मदर टेरेसा" के नाम से भी जानते हैं। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फाटा प्रसव सेवाओं के लिए क्षेत्र में एक विशेष पहचान रखता है।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए चिकित्सा प्रभारी डॉ. पीयूष भंडारी ने कहा कि दर्शनी देवी ने अपने पूरे कार्यकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि उनके योगदान से स्वास्थ्य केंद्र में शिशु प्रसव एवं टीकाकरण सेवाएं लगातार बेहतर होती रहीं और उनका सरल एवं मधुर व्यवहार सभी कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहा है।
वहीं, जिला पंचायत सदस्य त्रियुगीनारायण अमित मैखंडी ने कहा कि दर्शनी देवी अनुशासनप्रिय और कर्मनिष्ठ स्वास्थ्यकर्मी रही हैं। उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ किया, जिसे क्षेत्र की जनता हमेशा याद रखेगी।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक दर्शन सिंह पंवार ने किया। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने दर्शनी देवी के उज्ज्वल भविष्य, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर डॉ. करन, एसएमसी अध्यक्ष अमित सेमवाल, फार्मासिस्ट विपिन जमलोकी, जितेंद्र सेमवाल, ग्राम विकास अधिकारी के.एस. राणा, नागेंद्र सिंह रावत सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, व्यापारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर दर्शनी देवी के सम्मान में उमड़ी लोगों की भीड़ और भावुक माहौल इस बात का प्रमाण रहा कि उन्होंने अपने सेवाकाल में केवल स्वास्थ्य सेवाएं ही नहीं दीं, बल्कि लोगों के दिलों में भी एक विशेष स्थान बनाया।