5 से 21 जून तक जिलेभर में चलेंगे भाजपा के जनकल्याण और विकसित भारत कार्यक्रम,
गांव-गांव पहुंचेगी सरकार की उपलब्धियां, भाजपा ने कार्यकर्ताओं को सौंपीं जिम्मेदारियां,
रुद्रप्रयाग। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में रविवार को जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट की अध्यक्षता में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित होने वाले "12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के" महाअभियान को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में 5 जून से 21 जून तक जिलेभर में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में विकसित भारत संकल्प अभियान, वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान, प्रगति पथ अभियान, प्रबुद्ध जन बैठकें, जनकल्याण शिविर तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सहित विभिन्न कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए जिला, विधानसभा, ब्लॉक एवं मंडल स्तर पर वरिष्ठ पदाधिकारियों को संयोजक की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों को सुशासन, सेवा और जनकल्याण का स्वर्णिम काल बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं ने समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और निशुल्क राशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
उन्होंने कहा कि भारत ने पिछले वर्षों में डिजिटल क्रांति, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं तथा "विकसित भारत" के संकल्प की दिशा में वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है।
जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आगामी अभियान के सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं तथा गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं।
कार्यशाला से पूर्व भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" को भी सुना।
इस अवसर पर अभियान के जिला संयोजक अरुण चमोली, जिला महामंत्री राय सिंह राणा, जिला उपाध्यक्ष विनोद देवशाली एवं पार्वती गोस्वामी, जिला मीडिया प्रभारी सतेन्द्र बर्त्वाल, जिला मंत्री दीपराज बंगारी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुमन जमलोकी, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष हर्ष लाल सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।