Aug 04, 2026

जवाड़ी-दरमोला मोटर मार्ग की बदहाली पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, भारत कंस्ट्रक्शन के खिलाफ धरना,

post-img

सड़क की मरम्मत और भारी वाहनों के संचालन पर रोक की मांग, लोनिवि ने कंपनी को जारी किया नोटिस,

रुद्रप्रयाग। जवाड़ी-दरमोला मोटर मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार को खुलकर सामने आया। ग्रामीणों ने भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए धरना शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि पिछले करीब ढाई वर्षों से कंपनी के क्रशर से लगातार भारी डंपरों का संचालन हो रहा है, जिससे मोटर मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और आम लोगों की आवाजाही जोखिमभरी बन गई है।

 

धरने के दौरान ग्रामीणों ने सड़क की तत्काल मरम्मत, भारी वाहनों के संचालन पर नियंत्रण तथा क्षतिग्रस्त मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।

 

इधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी को नोटिस जारी कर जवाड़ी-दरमोला मोटर मार्ग की मरम्मत के लिए प्राक्कलन (एस्टीमेट) उपलब्ध कराया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कंपनी निर्धारित समय के भीतर सड़क की मरम्मत और आवश्यक सुरक्षा कार्य नहीं कराती है, तो नियमानुसार संबंधित मद में वसूली की कार्रवाई की जाएगी।

 

वहीं, भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी का कहना है कि उक्त मोटर मार्ग पर केवल उसके ही वाहन नहीं चलते, बल्कि गोविंद डंगवाल का क्रशर भी संचालित है, जिसके वाहनों का भी सड़क पर आवागमन होता है।

 

धरना-प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता जगदंबा नौटियाल, ग्राम प्रधान दरमोला सुनील, आकाश कप्रवाण, मनमोहन कप्रवाण, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आशीष कप्रवाण, अंकित कप्रवाण, अमित सिंह, धीरज कप्रवाण, कुलदीप शाह सहित भरदार पट्टी के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।