Aug 04, 2026

ऊखीमठ तहसील दिवस में 47 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण, क्षतिग्रस्त मार्ग, पेयजल, सोलर लाइट, शिक्षकों की नियुक्ति और आधार केंद्र जैसी समस्याएं उठीं,

post-img

सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश,

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को विकासखंड सभागार, ऊखीमठ में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की।

तहसील दिवस में क्षेत्र के विभिन्न गांवों और नगर पंचायत से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं एवं मांगें लेकर पहुंचे। इस दौरान कुल 47 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत दैड़ा के प्रधान प्रेम सिंह ने बताया कि दैड़ा-मस्तूरा में आकाश कामिनी नदी की ओर से विद्यालय जाने वाला मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे छात्र-छात्राओं को विद्यालय पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मार्ग की शीघ्र मरम्मत की मांग की।

ग्राम बुरुवा के प्रधान मदन सिंह ने गांव की पेयजल लाइनों के एकीकरण का मुद्दा उठाया। वहीं डुंगर-सेमाला की प्रधान मीनाक्षी देवी ने उरेडा विभाग के माध्यम से गांव में सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाए जाने की मांग की। नगर पंचायत ऊखीमठ की सभासद सरला रावत ने मस्तोली तोक में गदेरे से हो रहे कटाव को रोकने और आवासीय भवनों की सुरक्षा के लिए चेकडैम निर्माण की आवश्यकता बताई।

इसके अलावा उषाड़ा के ग्रामीणों ने राजकीय जूनियर हाई स्कूल में शिक्षकों की नियुक्ति की मांग उठाई। हर्षवर्द्धन सेमवाल ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय उथिंड की क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन को शीघ्र दुरुस्त कराने का अनुरोध किया। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य उमेश चंद्र ने गुप्तकाशी में आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाने की मांग रखी।

मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि तहसील दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।

तहसील दिवस में नगर पंचायत अध्यक्ष ऊखीमठ श्रीमती कुब्जा धर्मवाण, उपजिलाधिकारी अनिल सिंह रावत, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, जिला उद्यान अधिकारी आर.पी. जसौला, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे