रिपोर्ट : लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। देव सेनापति भगवान कार्तिकेय की तपस्थली कुमार लोक स्थित कार्तिक स्वामी तीर्थ में 5 जून से 15 जून तक आयोजित होने वाले 11 दिवसीय महायज्ञ एवं पुराण वाचन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्रीय जनता, श्रद्धालुओं एवं तीर्थ यात्रियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन स्थल पर दूर-दराज क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है, जिससे सम्पूर्ण कुमार लोक भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया है।
कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी ने बताया कि 11 दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ, हवन एवं पुराण वाचन का आयोजन किया जाएगा। देश-प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से विद्वान आचार्य एवं कथा वाचक कार्यक्रम में भाग लेकर श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति और सनातन परम्पराओं का संदेश देंगे।
उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए स्थानीय युवाओं, महिला मंगल दलों एवं ग्रामवासियों द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, विद्युत, आवास एवं यातायात संबंधी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। यात्रा मार्गों एवं पड़ावों पर साफ-सफाई के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
मंदिर समिति के सचिव बलराम सिंह नेगी ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन क्षेत्र की आध्यात्मिक पहचान को सशक्त बनाने के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन एवं रोजगार को भी बढ़ावा देते हैं। आयोजन के चलते कुमार लोक सहित आसपास के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है तथा होटल, भोजनालय और स्थानीय व्यवसायों में गतिविधियां तेज हो गई हैं।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में महायज्ञ एवं पुराण वाचन में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया है। मंदिर के पुजारी नंदू पुरी ने बताया कि आयोजन के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। 15 जून को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ धार्मिक अनुष्ठान का समापन होगा।
पंडित सुधीर नौटियाल ने बताया कि सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित यह महायज्ञ क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है। आयोजन शुरू होने से पूर्व ही कुमार लोक में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है और सम्पूर्ण क्षेत्र "जय कार्तिक स्वामी" के जयघोष से गुंजायमान हो उठा है।