15 सितंबर तक स्कूलों में चलेगा स्वच्छता पखवाड़ा, सीईओ ने दिए सख्त निर्देश, ब्लॉकवार मांगी गतिविधियों की रिपोर्ट

Blog
 Image

रुद्रप्रयाग। जिले के सभी विद्यालयों में एक से 15 सितंबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी ने सभी खंड एवं उप शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने विद्यालयों में स्वच्छता से संबंधित गतिविधियों को गंभीरता से संचालित कराने और उनकी ब्लॉकवार रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा है।

 

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को विद्यालय की स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे विद्यार्थियों के दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने के लिए विद्यालय स्तर पर नियमित गतिविधियां आयोजित की जाएं।

 

उन्होंने सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाने तथा स्वच्छता के महत्व की जानकारी देने के निर्देश दिए। साथ ही पीएम पोषण योजना के तहत विद्यालयों की रसोई के बाहरी एवं आंतरिक परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। खाद्य सामग्री को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से रखने, भोजन तैयार करने में स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने तथा पके हुए भोजन का वितरण स्वच्छ स्थान पर कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

सीईओ ने विद्यार्थियों में भोजन से पहले और बाद में साबुन से हाथ धोने, नाखून एवं दांतों की नियमित सफाई तथा व्यक्तिगत स्वच्छता की आदत विकसित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बचपन में विकसित की गई स्वच्छता संबंधी आदतें स्वस्थ जीवन की मजबूत नींव तैयार करती हैं।

 

विद्यालयों में किचन गार्डन विकसित करने और उसके नियमित रखरखाव के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किचन गार्डन में स्थानीय एवं मौसमी सब्जियों का उत्पादन कर उन्हें पीएम पोषण योजना में शामिल किया जा सकता है। इससे विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ ही उनमें प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति लगाव भी विकसित होगा।

 

उन्होंने स्वच्छता पखवाड़े के दौरान विद्यालयों में स्वैच्छिक रूप से विशेष भोज आयोजित करने के भी निर्देश दिए। इसके लिए स्थानीय गणमान्य नागरिकों तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों का सहयोग लेने को कहा गया है। सीईओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पखवाड़े के तहत होने वाली गतिविधियों की नियमित निगरानी की जाए और निर्धारित अवधि में ब्लॉकवार रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।