फरार चालक की गिरफ्तारी को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू,

Blog
 Image

सोमवार को तहसील परिसर में तालाबंदी की चेतावनी, मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान,

ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। रक्षाबंधन पर्व पर भारत सेवाश्रम–ऊखीमठ मोटर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में डॉ. कैलाश पुष्वाण की मौत के मामले में फरार चल रहे वाहन चालक की गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। चालक की गिरफ्तारी के संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं होने और क्षेत्र की विभिन्न लंबित समस्याओं का समाधान न होने से नाराज ग्रामीणों ने सामाजिक कार्यकर्ता त्रिभुवन चौहान के नेतृत्व में तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।

 

धरने पर बैठे ग्रामीणों ने कहा कि सड़क दुर्घटना में डॉ. कैलाश पुष्वाण की मृत्यु के बाद से क्षेत्रवासियों में रोष है। हादसे को काफी समय बीतने के बावजूद फरार वाहन चालक की गिरफ्तारी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से लोगों में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली के प्रति असंतोष बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए फरार चालक की शीघ्र गिरफ्तारी आवश्यक है।

 

 

धरना स्थल पर हुई बैठक में ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर तत्काल सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो सोमवार को तहसील परिसर में तालाबंदी की जाएगी। आंदोलनकारियों ने कहा कि महज आश्वासन से अब काम नहीं चलेगा। मांगों के समाधान के लिए धरातल पर ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

ग्रामीणों ने क्षेत्र की सड़क, यातायात सहित अन्य ज्वलंत समस्याओं का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि इन समस्याओं के निराकरण की मांग लंबे समय से शासन-प्रशासन के समक्ष रखी जा रही है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।

 

सामाजिक कार्यकर्ता त्रिभुवन चौहान ने कहा कि क्षेत्रवासियों की मांगें पूरी तरह न्यायोचित हैं। प्रशासन को जनभावनाओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि डॉ. कैलाश पुष्वाण की मौत के मामले में फरार वाहन चालक की गिरफ्तारी के साथ क्षेत्र की लंबित समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण फिलहाल शांतिपूर्ण ढंग से धरना दे रहे हैं, लेकिन मांगों की अनदेखी हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

ग्रामीणों ने कहा कि बार-बार आश्वासन देने के बजाय समस्याओं के समाधान की समयबद्ध कार्ययोजना और उसका धरातल पर क्रियान्वयन दिखाई देना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से दुर्घटना के मामले में स्थिति स्पष्ट करने, फरार वाहन चालक को शीघ्र गिरफ्तार करने तथा क्षेत्र की लंबित समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने की मांग की।

ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। धरने में पूर्व जिला पंचायत सदस्य कालीमठ संगीता नेगी, प्रधान किमाणा सुलेखा देवी, प्रमोद राणा, आशीष पुष्वाण, शक्ति सिंह, रजनी देवी, दलवीर सिंह रावत, विनोद सिंह नेगी, अनिल त्रिवेदी, धर्मेंद्र पुष्वाण, राजकिशोर त्रिवेदी, अमरनाथ त्रिवेदी, धीरेंद्र सिंह नेगी, गोविंद सिंह पुष्वाण, देवेंद्र सिंह राणा, देवेंद्र सिंह नेगी और विजयपाल सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।