रक्षा बंधन के दिन डॉ. कैलाश पुष्पवान को वाहन से कुचलकर हुआ था फरार, सिरोबगड़ में पुलिस ने दबोचा,
आरोपी के कब्जे से नाजायज चाकू बरामद, आयुध अधिनियम में भी मुकदमा दर्ज,
रुद्रप्रयाग। रक्षा बंधन के दिन ऊखीमठ में जिला पंचायत सदस्य प्रीति पुष्पवान के पति डॉ. कैलाश पुष्पवान को वाहन से कुचलने के मामले में फरार चल रहे आरोपी चालक पर आखिरकार पुलिस का शिकंजा कस गया। करीब नौ दिन तक पुलिस को छकाने वाला आरोपी प्रदीप सिंह सेमवाल 5 सितंबर की रात सिरोबगड़ क्षेत्र में दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से एक नाजायज चाकू बरामद होने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत भी अलग मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली ऊखीमठ में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 32/2026 में वांछित प्रदीप सिंह सेमवाल पुत्र धूम सिंह, निवासी ग्राम त्यूड़ी, थाना गुप्तकाशी, घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस के लिए आरोपी की गिरफ्तारी चुनौती बनी हुई थी। पुलिस टीमों ने उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
लगातार चल रही पुलिस कार्रवाई के बीच 5 सितंबर की रात्रि सिरोबगड़ क्षेत्र में पुलिस टीम ने आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक नाजायज चाकू बरामद हुआ। इसके बाद कोतवाली रुद्रप्रयाग में मुकदमा अपराध संख्या 64/2026, धारा 25/4 आयुध अधिनियम के तहत अलग अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मूल मामले में विवेचनात्मक कार्रवाई और साक्ष्य संकलन जारी है।
रक्षा बंधन के दिन हुई इस घटना के बाद आरोपी के फरार होने से मामला लगातार चर्चा में रहा। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर भी दबाव था। पुलिस ने विभिन्न स्तरों पर प्रयास जारी रखते हुए आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने बताया कि मुकदमे में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया था। लगातार प्रयासों के बाद आरोपी को सिरोबगड़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से नाजायज चाकू बरामद हुआ, जिसके संबंध में कोतवाली रुद्रप्रयाग में अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में विवेचना और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई प्रचलित है।

