केदार वैली चिल्ड्रन एकेडमी में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों और शिक्षकों को दिलाई गई बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ,
रुद्रप्रयाग। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन और बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को विकासखंड जखोली के सुमाड़ी स्थित केदार वैली चिल्ड्रन एकेडमी में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बाल अधिकारों, संरक्षण तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रंजना गैरोला भट्ट ने विद्यार्थियों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006, साइबर अपराध तथा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह से बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को समझाते हुए विद्यार्थियों से इस कुप्रथा के उन्मूलन में जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने का आह्वान किया।
चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक सुरेंद्र सिंह रावत ने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी बच्चे के संकट, हिंसा, शोषण अथवा असुरक्षा की स्थिति में इस नंबर पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
वहीं, बाल संरक्षण इकाई की विधि सह परिवीक्षा अधिकारी सुषुम शाह ने विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच, व्यक्तिगत सुरक्षा और पॉक्सो अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों को किसी भी प्रकार के शोषण या असहज परिस्थिति में चुप न रहने और तत्काल अभिभावकों अथवा संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर केंद्र प्रशासक रंजना गैरोला भट्ट ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई। इस अवसर पर चाइल्ड हेल्पलाइन की काउंसलर सृष्टि कंडारी, बाल संरक्षण इकाई की काउंसलर प्रिया नेगी, चाइल्ड हेल्पलाइन के केस वर्कर अखिलेश सिंह सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

