रिपोर्ट : लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने दशज्यूला क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने महड़ गांव में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। वहीं, कुमार लोक में आयोजित 11 दिवसीय महायज्ञ एवं पुराण वाचन कार्यक्रम में प्रतिभाग कर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान राज्य मंत्री का भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को उनके समक्ष रखा। इस अवसर पर श्री भट्ट ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
महड़ गांव में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने जल स्रोतों, जंगलों और जैव विविधता के संरक्षण के प्रति भी लोगों को जागरूक किया।
इसके उपरांत राज्य मंत्री कुमार लोक पहुंचे, जहां आयोजित महायज्ञ एवं पुराण वाचन कार्यक्रम में उन्होंने सहभागिता की। वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और लोककल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत को भी सशक्त बनाते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने राज्य मंत्री का अभिनंदन करते हुए क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। ग्रामीणों ने उनके क्षेत्र भ्रमण को जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में एक सकारात्मक एवं सराहनीय पहल बताया।
इस अवसर पर कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी, सचिव बलराम सिंह नेगी, उपाध्यक्ष उत्तराज नेगी, भाजपा चोपता मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी, महामंत्री दीपक नेगी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मगन सिंह नेगी, देवेन्द्र सिंह, विवेक काण्डपाल, राजेन्द्र सिंह राणा, गोपाल सिंह बासकण्डी, विजयपाल सिंह कठैत, आशीष पुरोहित, प्रेम सिंह फर्स्वाण, शिव सिंह कठैत सहित भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।