तुंगनाथ मंदिर परिसर सहित प्रमुख स्थानों पर लगाए गए चेतावनी बोर्ड, श्रद्धालुओं से मौसम के प्रति सतर्क रहने की अपील,
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के साथ-साथ विश्व के सबसे ऊंचे शिवालय तृतीय केदार तुंगनाथ धाम में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में शनिवार को प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) ऊखीमठ मनोज नेगी ने चोपता-तुंगनाथ मंदिर ट्रैक एवं चंद्रशिला ट्रैक का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न आवश्यक कदम उठाए गए तथा स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम के अचानक बदलने तथा संभावित प्राकृतिक खतरों को देखते हुए पुलिस द्वारा चोपता घोड़ा स्टैंड (तुंगनाथ मंदिर प्रवेश द्वार के निकट), तुंगनाथ मंदिर परिसर तथा चंद्रशिला ट्रैक पर चेतावनी बोर्ड स्थापित किए गए हैं। इन बोर्डों के माध्यम से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आगाह किया गया है कि खराब मौसम, अत्यधिक वर्षा अथवा घने कोहरे की स्थिति में आगे न बढ़ें। साथ ही दोपहर 1 बजे के बाद चंद्रशिला ट्रैक पर न जाने की सख्त सलाह दी गई है, क्योंकि इस क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा अत्यधिक रहता है, जिससे जान-माल की हानि हो सकती है।
पुलिस द्वारा तुंगनाथ मंदिर परिसर में स्थापित लाउडस्पीकर के माध्यम से भी लगातार उद्घोषणाएं कर श्रद्धालुओं को मौसम संबंधी अपडेट एवं सुरक्षा नियमों की जानकारी दी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
निरीक्षण के दौरान ट्रैक मार्ग एवं मंदिर परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों को यात्रियों की सुरक्षा, सहायता एवं संवेदनशील व्यवहार के साथ ड्यूटी निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त मंदिर समिति के पदाधिकारियों अभिषेक मैठाणी, प्रमोद मैठाणी, रेवाधर मैठाणी एवं अन्य सदस्यों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था को और अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
भ्रमण के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने तुंगनाथ धाम में दर्शन कर लौट रहे देश-विदेश के श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से संवाद कर उनके यात्रा अनुभवों की जानकारी ली। साथ ही यात्रा मार्ग पर उपलब्ध सुविधाओं एवं पुलिस व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
जनपद पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की है कि हिमालयी क्षेत्रों की यात्रा के दौरान मौसम की ताजा जानकारी पर विशेष ध्यान दें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित एवं सुखद बनी रहे।