Jun 19, 2026

भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने रुद्रप्रयाग में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का किया निरीक्षण,

post-img

मतदाता साक्षरता कार्यक्रमों की समीक्षा, विद्यार्थियों से संवाद एवं बूथ स्तर पर एसआईआर कार्यों का लिया जायजा,

रुद्रप्रयाग। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति तथा निर्वाचन संबंधी मीडिया एवं संचार रणनीति की तैयारियों का आंकलन करने को लेकर आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों का तीन सदस्यीय दल शुक्रवार को जनपद रुद्रप्रयाग के भ्रमण पर पहुंचा।

उप निदेशक अपूर्व कुमार सिंह के नेतृत्व में आए इस दल में सहायक निदेशक गौरी एस. तथा वरिष्ठ वीडियो संपादक रंजीत श्रीवास्तव शामिल रहे। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों का स्थलीय निरीक्षण, निर्वाचन साक्षरता कार्यक्रमों की समीक्षा तथा मीडिया एवं संचार रणनीति से संबंधित विभिन्न पहलुओं का प्रलेखन करना था।

भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने सर्वप्रथम जिला कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति, गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण, डिजिटलीकरण कार्य तथा निर्वाचन संबंधी विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

इसके उपरांत आयोग के अधिकारियों ने गुप्तकाशी स्थित डॉ. जैक्स विन नेशनल स्कूल में आयोजित मतदाता साक्षरता क्लब (इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब) कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं के साथ संवाद स्थापित कर निर्वाचन साक्षरता, लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व तथा युवा मतदाताओं की भूमिका पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के छात्र ही भविष्य के जागरूक मतदाता हैं, इसलिए उन्हें प्रारंभिक स्तर से ही निर्वाचन प्रक्रिया की समुचित जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के ईसीआई नेट ऐप की उपयोगिता, उसके माध्यम से उपलब्ध विभिन्न सेवाओं तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के उद्देश्यों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया।

उन्होंने कहा कि जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र तथा सुदृढ़ राष्ट्र की आधारशिला होते हैं। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों से भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक सोशल मीडिया मंचों का अनुसरण करने तथा ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड करने का आग्रह किया गया, ताकि निर्वाचन संबंधी अद्यतन जानकारी एवं सुविधाओं का समय-समय पर लाभ प्राप्त किया जा सके।

भ्रमण के अगले चरण में आयोग के अधिकारियों ने बूथ संख्या-52, नाला का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) के साथ अभियान से संबंधित प्रलेखन तथा मैदानी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा भी की।

निरीक्षण के दौरान बूथ संख्या-52 की बीएलओ विनीता देवी तथा बूथ संख्या-53 की बीएलओ पुष्पा देवी ने गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटलीकरण संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने दोनों बीएलओ के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें इसी उत्साह, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ अभियान को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया।

भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के इस भ्रमण को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति के मूल्यांकन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में चल रहे प्रयासों को और गति मिलने की अपेक्षा है।